Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री का पत्र आते ही सक्रिय हुए अधिकारी, शहर की 'लाइफ लाइन'...

मुख्यमंत्री का पत्र आते ही सक्रिय हुए अधिकारी, शहर की ‘लाइफ लाइन’ का होगा कायाकल्प

– राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयास पर मुख्यमंत्री ने कटहर नाले के सुंदरीकरण के दिए निर्देश

बलिया (हि.स)। शहर के लाइफ लाइन कटहर नाले के सुंदरीकरण को लेकर मुख्यमंत्री का पत्र आते ही जिले का प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। सब कुछ ठीक रहा तो बरसात से पहले कटहर नाला में बहुत हद तक काम दिखने भी लगेगा।

परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने विधानसभा चुनाव के दौरान कटहर नाला के सुंदरीकरण व इसके किनारे पर पाथ-वे आदि बनवाने का वादा किया था। चुनाव के बाद मंत्री बनने पर अपने वादे को अमल में लाने के लिए मंत्री दयाशंकर सिंह पूरे प्रयास के साथ लग गए। इस मामले को वह सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। जिसका उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लिया।

मंत्री श्री सिंह ने जनपद को गंगा समग्र योजना में शामिल करते हुए कटहर नाला के कायाकल्प व 1940 के बने रेगुलेटर की क्षमता बढ़ाने की मांग की थी। इसमें मंत्री ने कटहर नाले की साफ-सफाई के साथ ही गंगा नदी में गिर रही गंदगी को रोकने व वरुणा ड्रेनेज के बंद होने व इस पर अतिक्रमण से प्रभावित 84 गांवों के किसानों को राहत दिलाने की मांग की थी। इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल पत्र जारी कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मामले में 13 जनवरी को आजमगढ़ में सांसदों व विधायकों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ ने रामपुर महावल में एसटीपी के निर्माण, यहां से सुरहा ताल तक कटहर नाले की साफ-सफाई, बंद पड़े वरुणा ड्रेनेज को सही कराने व 10 स्थानों पर पुलिया बनाने के निर्देश दिए। ऐसे में मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जल निगम व अन्य संबंधित विभाग इसे अमल में लाने में जुट गए हैं।

हर एक वादा होगा पूरा: दयाशंकर

परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से जो भी वादा किया गया है उसे प्राथमिकता पर पूरा किया जाएगा। कटहर नाले के कायाकल्प के साथ ही इसके सुंदरीकरण का काम भी होगा। इसके अलावा बलिया नगर के सुंदरीकरण के लिए भी कई प्रस्ताव दिए गए हैं जो जल्द ही दिखेंगे।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular