Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत भाजपा नेताओं ने आशुतोष टण्डन के निधन पर जताया...

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत भाजपा नेताओं ने आशुतोष टण्डन के निधन पर जताया शोक

लखनऊ(हि.स.)। उ.प्र. सरकार के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व के विधायक आशुतोष टंडन ‘गोपालजी’ के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सरकार के अनेक मंत्रियों व भाजपा के नेताओं ने शोक जताया है।

योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रकट करते हुए लिखा कि आशुतोष टण्डन का निधन अत्यंत दुःखद है। एक जनप्रिय, कर्मठ, जुझारू राजनेता के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे।

प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने अपने शोक संदेश में कहा है कि यह हमारी निजी क्षति है। आशुतोष टण्डन के निधन से प्रदेश की राजनीति में शून्यता आई है। मैं जो महसूस कर रहा हूं, उन भावों को शब्दों से वर्णन नहीं कर सकता हूं।

वरिष्ठ भाजपा नेता व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र से लोकप्रिय वर्तमान विधायक आशुतोष टंडन “गोपाल” के असामयिक निधन से अत्यंत दुःखी हूँ।

प्रदेश और पार्टी की सेवा में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले जननेता के रूप में उनका निधन हमारी पार्टी तथा राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने एक्स पर लिखा कि आशुतोष टंडन ‘गोपालजी’ के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायी है। टंडन जी अपने कर्तव्यनिष्ठता, सादगी, सरलता और ऊर्जावान नेता के रूप सदैव याद किये जाते रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश और पार्टी की सेवा में अपना संपूर्ण जीवन समर्पित करने वाले जननेता के रूप में उनका निधन हमारी पार्टी तथा राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतृप्त परिजनों व समर्थकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर लिखा कि आशुतोष टण्डन का जाना हम सभी के लिए अपूर्णीय क्षति है, उनकी जनसेवा व भाजपा के प्रति अतुलनीय योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को शांति तथा परिजनों व समर्थकों को संबल प्रदान करें।

बृजनन्दन/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular