गाजीपुर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर जिला प्रशासन ने बुधवार को माफिया सरगना मुख्तार अंसारी के सहयोगी गणेशदत्त मिश्र की 14.20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा-14(1) के तहत की गई।
विगत छह अक्टूबर को गाजीपुर जिले के थाना मोहम्मदाबाद के प्रभारी निरीक्षक द्वारा प्रेषित आख्या और पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 अक्टूबर 2022 को दी गई संस्तुति के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, मुख्तार अंसारी के विरुद्ध 58 अभियोग पंजीकृत हैं। अभियुक्त गणेश दत्त मिश्र पर सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि मुख्तार अंसारी के गिरोह से सम्बंधित अपराधियों पर कार्रवाई करके अब तक पिछले साढे़ तीन माह में लगभग 70 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है।
श्रीराम जायसवाल
