Tuesday, April 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुक्त विवि का सोलहवां दीक्षान्त समारोह 28 जनवरी को

मुक्त विवि का सोलहवां दीक्षान्त समारोह 28 जनवरी को

-योग की छात्रा मोनिका पाण्डेय को मिलेगा कुलाधिपति स्वर्ण पदक

-21 को स्वर्ण पदक तथा 19,151 छात्रों को मिलेगी उपाधि

प्रयागराज (हि.स.)। उप्र राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज का 16वां दीक्षान्त समारोह 28 जनवरी आयोजित है। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि गुजरात केन्द्रीय विश्वविद्यालय गांधीनगर के कुलपति प्रो. रमाशंकर दुबे दीक्षान्त भाषण देंगे।

यह जानकारी मुक्त विवि की कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने सोमवार को पत्रकारों से को देते हुए बताया कि समारोह सरस्वती परिसर स्थित नवनिर्मित आडिटोरियम में कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए किया जायेगा। विभिन्न विद्या शाखाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले शिक्षार्थियों को 21 स्वर्ण पदक प्रदान किये जायेंगें, जिनमें 10 स्वर्ण पदक छात्रों तथा 11 स्वर्ण पदक छात्राओं की झोली में जायेंगे। दिसम्बर 2020 तथा जून 2021 की परीक्षा के सापेक्ष उत्तीर्ण लगभग 19,151 शिक्षार्थियों को उपाधि प्रदान की जायेगी। जिसमें 11,225 पुरुष तथा 7926 महिला शिक्षार्थी हैं।

कुलपति ने बताया कि उपाधि प्राप्त करने के लिये लगभग 400 शिक्षार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। जिन्हें दीक्षान्त समारोह के उपरान्त उपाधियां प्रेषित कर दी जायेंगी। दीक्षान्त समारोह भारतीय पारम्परिक परिधान में आयोजित किया जायेगा। स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए सफेद धोती कुर्ता या पायजामा, पीली साड़ी या सलवार सूट निर्धारित किया गया है।

प्रो.सिंह ने बताया कि कुलाधिपति स्वर्ण पदक क्षेत्रीय अध्ययन केन्द्र लखनऊ की छात्रा मोनिका पाण्डेय को दिया जायेगा। मोनिका पाण्डेय ने एमए योग विषय की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की तथा समस्त विद्याशाखाओं की स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में उत्तीर्ण समस्त स्नातक-परास्नातक शिक्षार्थियों में सर्वश्रेष्ठ रहीं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक इस बार स्नातकोत्तर वर्ग में विद्या शाखाओं के 6 टाॅपर्स को दिए जा रहे हैं।

विद्या कान्त

RELATED ARTICLES

Most Popular