-विकास के लिए योगी संग आने को बेताब आज़मगढ़ : अमरजीत मिश्र
आजमगढ़ (हि.स.)। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र ने भाजपा प्रत्याशी दिनेशलाल यादव निरहुआ की एक चुनावी सभा में कहा कि आज़मगढ़ विकास के लिए योगी के संग आने को बेताब दिखाई पड़ रहा है।
रविवार को श्री मिश्र ने एक सभा में बोलते हुये कहा क़ि औद्योगिक विकास की दौड़ में पिछड़ा आज़मगढ़ अब यूपी में नंबर वन बनेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोगों ने आजमगढ़ को अपनी जागीर समझते हुए इस जिले के विकास के बारे में कभी सोचा ही नहीं। जिस तरह अमेठी में राहुल गांधी का पराभव हुआ उसी तरह आज़मगढ़ में भी समाजवादी पार्टी परास्त होगी। श्री मिश्र ने कहा कि परिवारवाद की बेड़ियों में जकड़े लोग समाजवाद का अर्थ नहीं जानते।
गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के भीमबर गाँव में भाजपा प्रत्याशी दिनेशलाल यादव निरहुआ की एक सभा में पूर्व राज्यमंत्री अमरजीत मिश्र ने कहा कि आज़मगढ़ के दिन अब बहुरेंगे। अब गरीब का बेटा यहाँ से सांसद बन के जाएगा।
महाराष्ट्र की फडणवीस सरकार में फ़िल्मसिटी मुंबई के उपाध्यक्ष रहे भाजपा नेता अमरजीत मिश्र ने कहा कि एक सामान्य घर का नवजवान निरहुआ मुंबई जाकर अपनी मेहनत से एक मुक़ाम हासिल करता है, वही ग़रीबों का दर्द भी समझ सकता है। जो सोने का चम्मच मुँह में लेकर पैदा हुये हैं, वे हमेशा कमजोर लोगों का उपहास उड़ाएँगे। श्री मिश्र ने कहा कि आज़मगढ़ की अराजकता को ख़त्म किया जाएगा।
मुंबई के उत्तर भारतीय नेता श्री मिश्र ने कहा कि देश और प्रदेश में सरकार तो सशक्त है पर इन जगहों पर आज़मगढ़ से सत्ताधारी जनप्रतिनिधि नहीं है। उन्होंने कहा क़ि अब भाजपा का सांसद चुना जाएगा तो ट्रिपल इंजन की सरकार होगी और विकास की गंगा बहेगी। दिनेश यादव के चुनाव प्रचार में श्री मिश्र के साथ फजिलनगर के विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा भी थे।
पीएन द्विवेदी
