– रेलवे लाइन पार करते समय प्लेटफार्म नम्बर एक पर हुआ हादसा
– नागपुर से मीरजापुर आ रहे थे सभी यात्री
मीरजापुर (हि.स.)। मीरजापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर एक पर रेलवे ट्रैक पार करते समय एक महिला सहित तीन लोगों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
भदोही जिले के माधोपुर निवासी राजेश गुप्ता व दुर्गा देवी नागपुर से अपने फूफा के यहां 21 नवम्बर को लड़की की शादी में शामिल होने के लिए मीरजापुर आ रहे थे। बुधवार की भोर लगभग पांच बजे मीरजापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो नंबर पर ट्रेन से उतरकर स्टेशन के बाहर जाने के लिए प्लेटफार्म नम्बर एक पर स्थित रेलवे ट्रैक पर पहुंचे ही थे कि नईदिल्ली से झारखंड जा रही स्वर्णजयन्ती एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए।
हादसे में दुर्गा देवी (50), राजेश गुप्ता (48) व बबलू (45) की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर लगते पहुंची जीआरपी और आरपीएफ ने शव को रेलवे लाइन से हटवाकर पोस्टमार्टम को भेजवाया। घटना की खबर लगते ही स्वजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे।
