Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमीरजापुर : मां विंध्यवासिनी के चरणों में अखिलेश यादव ने टेका मत्था

मीरजापुर : मां विंध्यवासिनी के चरणों में अखिलेश यादव ने टेका मत्था

मीरजापुर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार की देर रात अष्टभुजा डाक बंगले पर कार्यकर्ताओं से मिलकर मध्यरात्रि के पश्चात नई वीआईपी के रास्ते मां विंध्यवासिनी के गर्भ गृह में पहुंचकर विधिवत दर्शन पूजन किया। उन्होंने लाल चुनरी और चांदी की मुंडमाला मां के चरणों में अर्पित किया।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मां विंध्यवासिनी के गर्भ गृह में पहुंचकर विशेष पूजन सामग्री के साथ मां विंध्यवासिनी का पूजन अर्चन किया। पूजन सामग्री में लाल चुनरी, सफेद पुष्प की माला, मिष्ठान एवं चांदी का बड़ा मुंडमाल मां के चरणों में अर्पित किया। दर्शन पूजन तीर्थ पुरोहित विजय बाबू मिश्रा ने कराया। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अखिलेश यादव का मां विंध्यवासिनी के चरणों में विशेष पूजन अर्चन करना चर्चा का विषय बना हुआ है।
कंतित शरीफ पर इंतजार करते रह गए लोग नहीं पहुंचे अखिलेश
अष्टभुजा डाक बंगले में विश्राम करने के पश्चात शनिवार की सुबह कार्यक्रम स्थल पर रवाना होने के पहले यह सूचना मिली की हजरत इस्माइल चिश्ती दरगाह कंतित शरीफ के मजार पर अखिलेश यादव चादरपोशी करने के लिए पहुचेंगे। दरगाह पर मौजूद लोग हाथों में गुलदस्ता, चादर एवं पुष्प लेकर इंतजार करने लगे, लेकिन अखिलेश यादव का काफिला अष्टभुजा डाकबंगला से निकलते ही अमरावती चौराहा होते हुए सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हो गया। इससे कंतित शरीफ पर खड़े लोग मायूस हो गए।

RELATED ARTICLES

Most Popular