Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमीरजापुर : दो युवकों की नृशंस हत्या से दहला क्षेत्र

मीरजापुर : दो युवकों की नृशंस हत्या से दहला क्षेत्र

– मड़िहान क्षेत्र में निरंकुश हुआ अपराध

मीरजापुर (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र के ददरा गांव में पुलिस चौकी राजगढ़ से महज आधा किलोमीटर की दूरी पर पुलिस की मौजूदगी में दो हत्याओं के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

बुधवार की अपराह्न करौंदा गांव निवासी युवक ऋषभ पांडेय पुत्र वीरेंद्र ने ददरा निवासी दुकानदार युवक सत्यम सिंह (22) पुत्र स्व. सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पास के एक मकान में घुस गया। हत्या की सूचना पर सबइंस्पेक्टर मड़िहान श्रीराम सिंह मौके पर पहुंच गए और घेराबंदी कर आरोपित युवक को पकड़ लिया, लेकिन पुलिस के सामने ही आक्रोशित भीड़ ने लाठी व धारदार हथियार से काट-पीटकर गोली मारने वाले युवक ऋषभ पांडेय को मौत के घाट उतार दिया। दोनों की हत्या के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस के सामने ही धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई और पुलिस बेबस नजर आई।

घटना की सूचना पर चार थानों की पुलिस, पीएसी बल के साथ ही पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि पुलिस इस घटना में कुछ भी बोलने से इंकार कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular