– पुलिस ने भी ढाई सौ अज्ञात लोगों पर दर्ज कराया मुकदमा
मीरजापुर (हि.स.)। मड़िहान थाना क्षेत्र अंतर्गत राजगढ़ पुलिस चौकी के ददरा बाजार में बुधवार की दोपहर गोली मारकर नृशंस हत्या व हत्यारोपित को ग्रामीणों ने पुलिस के सामने ही काट कर मौत के घाट उतारने के मामले में मृतक सत्यम सिंह के बड़े भाई शम्भू सिंह ने ऋषभ पांडेय के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। वहीं ऋषभ पांडेय के पिता विरेन्द्र पांडेय की तहरीर पर 21 नामजद व ढाई सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस के सामने हत्यारोपी को काट कर मौत के घाट उतारने के मामले में राजगढ़ पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल धनंजय राय ने भी ढाई सौ अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि पुलिस ऋषभ पांडेय को बचाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने उग्र होकर सब इंस्पेक्टर श्रीराम सिंह के सामने ही ऋषभ को मौत के घाट उतार दिया । बीच-बचाव में कांस्टेबल प्रभुनाथ शर्मा, अविनाश सिंह, राजकुमार सिंह भी घायल हो गए। गांव में एहतियात के तौर पर बुधवार के दिन से ही पीएसी बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का जायजा ले रहे हैं।
गुरुवार की सुबह थाने पर पहुंचे एएसपी नक्सल महेश कुमार अत्री व सीओ नक्सल अजय कुमार राय मामले की जांच में जुटे हैं। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ खाली ही चल रहे हैं। पुलिस छह लोगों को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन कर रही है।
