– एक महीने पहले माता के साथ गई थी जंगल, तभी से थीं लापता
– मां पर तीनों बेटियों की हत्या कराने की आशंका
मीरजापुर (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के हर्रा जंगल में तीन सगी बहनों का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कपड़ों से तीनों का शिनाख्त कर नर कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
हलिया थाना क्षेत्र के बेलाही गांव निवासी देवीदास कोल की तीन बेटियां मुन्नी (10), ममता (08), गोलू (12) अपने माता सीमा के साथ भाई रमाकांत के बुलाने पर बीते 16 अगस्त को घर से गई थी। नौ सितंबर को सूचना दिया कि बेटियों को एक महिला को इंदौर स्टेशन पर सुपुर्द कर दिया है। इंदौर स्टेशन पर गए, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कहीं कुछ पता नहीं चला। बुधवार को सीमा के भाई रमाकांत ने बेटे के पास फोन कर बालिकाओं के कंकाल जंगल में मिलने की बात बताई।
बताया कि, तीनों बहनों का सड़ा-गला शव नर कंकाल जंगल में पड़ा हुआ है। तत्काल स्वजन मौके पर पंहुचकर देखे तो तीन बेटियों का कंकाल कपड़ा सहित जंगल में पड़ा हुआ है। बालिकाओं के पिता देवीदास ने ग्राम प्रधान के साथ थाने पर पंहुचकर जंगल में कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को तहरीर के माध्यम से दी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। बताया जा रहा है कि महिला भी अपने मायके से फरार हो गई है। उसी पर तीनों बेटियों की हत्या करने की आशंका है।
प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह कंकाल मिलने की जानकारी होने पर बालिकाओं के पिता से पूछताछ करने में जुट गए हैं। पुलिस जंगल में घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रही है।
