Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमीरजापुर : ट्रक लूटने में विफल बदमाशों ने चालक को मारी गोली

मीरजापुर : ट्रक लूटने में विफल बदमाशों ने चालक को मारी गोली

– ट्रामा सेंटर वाराणसी में ट्रक चालक का हो रहा उपचार

– घटना स्थल पहुंचकर कर छानबीन में जुटे पुलिस अधीक्षक

मीरजापुर(हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के परसोधा फ्लाईओवर के पास मंगलवार की भोर कार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर चलती ट्रक के चालक को घायल कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा है।

मध्यप्रदेश के मैहर से सीमेंट लादकर ट्रक चालक वीरेंद्र यादव पुत्र हरिनाथ निवासी मऊ व खलासी विकास जायसवाल निवासी मधुबनी बिहार वाराणसी जा रहे थे। मंगलवार की भोर लगभग साढ़े तीन बजे ट्रक परसोधा रेलवे क्रासिंग पर पहुंची। वहां पहले से खड़ी कार से दो बदमाश निकलकर आगे चल रही खाली ट्रक को लूटने की नियत से रूकने का इशारा किया, लेकिन ट्रक नहीं रूकी।

खलासी ने बताया कि पीछे चल रही हमारी ट्रक भी नहीं रूकी तो बदमाशों ने चालक को निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। गोली ट्रक चालक वीरेंद्र के कंधे पर लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा। मौके पर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह, एएसपी आपरेशन महेश सिंह अत्रि ने घटना की छानबीन शुरू की।

RELATED ARTICLES

Most Popular