मीरजापुर (हि.स.)। कछवां थाना क्षेत्र के कछवां डीह स्थित कश्यप कुंड मां दुर्गा मंदिर से जाने वाले तराई मार्ग पर गंगा किनारे खेत में काम कर रहे किसान हनी सिंह आदि ने एक पीले रंग का कपड़ा पहने शव गंगा की धारा में सुबह-सवेरे उतराया देखा तो पीआरवी पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को देख वापस चली गई। इसके बाद थाने से भी फोर्स मौके पर पहुंच गई, लेकिन शव को निकालने में किसी ने तत्परता नहीं बरती। शव धीरे-धीरे गंगा की धारा में बढ़ते हुए बजहां गांव के सीमा तक पहुंच गया। वहीं शव के गंगा में उतराने की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ गंगा किनारे जुट गई। वहीं लोगों ने कहा कि प्रशासन की सुस्ती से करीब तीन-चार घंटे हो गए। अभी तक शव को निकालने के लिए कोई पहल नहीं किया गया। जबकि गंगा में शव को प्रवाह न करने के लिए हर घाटों पर पुलिस की ड्यूटी लगी है। इसके बावजूद गंगा में शव का मिलना बेहद दु:खद है। वहीं गंगा में शव कैसे और कहां से आया। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चा बनी हुई है। गंगा में बाढ़ भी आई हुई है। इस वजह से तेज धारा भी चल रही है। लोगों को शव के निकलने का इंतजार है, ताकि शव किसकी है यह पहचान हो सके।
