– जून में पड़ रही भीषण गर्मी़, कैसे पढ़ाई करेंगे बच्चे
– स्कूलों को कनेक्शन देने में लापरवाही बरत रहा बिजली विभाग
– बेसिक शिक्षा विभाग बिजली महकमे को कई बार लिख चुका है पत्र
मीरजापुर (हि.स.)। जनपद के 1806 में से 168 स्कूलों में आज भी बिजली कनेक्शन ही नहीं है। 16 जून से परिषदीय विद्यालय एक बार फिर खुलने जा रहे हैं। इसके चलते जून माह में पड़ रही भीषण गर्मी में बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं दूसरी तरफ परिषदीय विद्यालयों को बिजली कनेक्शन देने में बिजली विभाग लापरवाही बरत रहा है, इसके लिए बेसिक शिक्षा संबंधित बिजली विभाग को कई बार पत्र भी लिख चुका है।
परिषदीय विद्यालय 16 जून से खुलने जा रहे हैं। शिक्षकों के साथ बच्चे भी स्कूलों में पहुंचेंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षक और बच्चे परेशान हैं। हालात यह है कि जिले के 168 विद्यालयों में बिजली कनेक्शन और पंखे नहीं हैं, इसके चलते विद्यार्थियों के बीमार पड़ने का डर है। जिले में 1101 प्राथमिक विद्यालय, 306 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 399 कंपोजिट विद्यालय सहित कुल 1806 परिषदीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिला समन्वयक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली कनेक्शन विहीन विद्यालयों में कनेक्शन के लिए संबंधित विभाग को कई बार पत्र भेजा गया है, लेकिन आज तक कनेक्शन नहीं किया गया है। बिजली विभाग के एक्सइएन मनोज यादव ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में जल्द ही बिजली कनेक्शन कराया दिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद ने बताया कि जनपद के 168 विद्यालयों में अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं है। इन विद्यालयों में बिजली कनेक्शन लगाने के लिए बिजली विभाग को पत्र भेजा गया है। स्कूल खुलने के पूर्व बिजली कनेक्शन कराने का प्रयास किया जा रहा है।
गिरजा शंकर
