बांदा(हि.स.)। देश में राष्ट्रीय पक्षी का दर्जा प्राप्त मोर का जनपद बांद के बदौसा थाना क्षेत्र अंगर्तत ग्राम पंचायत बनई के मढवारा मजरे में तीन दोस्तों ने मिलकर एयर गन से शिकार किया। एयर गन की गोली लगते ही मोर पेड़ से नीचे आ गिरा, जिसे तीनों दोस्त पकड़ने को दौड़े, तब तक कुछ ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया और घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर एक आरोपी को पकड़ लिया जबकि दो साथी भाग निकली। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए फरार दो अन्य आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
बदौसा थाना प्रभारी विजय कुमार कुशवाहा ने बुधवार को बताया कि मढवारा गांव के रहने वाले हमीद पुत्र नब्बी, शाहरुख पुत्र कल्लू और सुल्ली पुत्र रफीक मंगलवार को दोपहर में शिकार करने के लिए उद्देश्य से एयर गन लेकर गांव के बाहर निकल गए। इसी दौरान उन्हें एक पेड़ पर राष्ट्रीय पक्षी मोर बैठे नजर आए। इनमें से एक दोस्त ने एयर गन से मोर पर निशाना साधा और गोली चला दी। गोली लगते ही एक मोर नीचे आ गिरा और उसकी मौत हो गई। यह घटना गांव के कुछ लोगों ने देखी और लमहेटा पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी। चौकी पुलिस ने बदौसा थाने पुलिस को सूचना दे दी। कुछ ही देर में मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख कर शाहरुख और सुल्ली भाग निकले जबकि हमीद पुत्र नब्बी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
थाना प्रभारी विजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि मोर की हत्या करने वाले एक आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया था। जबकि उसके दो साथियों की तलाश जारी है। इनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। मृत मोर का पोस्टमार्टम कराया गया है।
वर्षा ऋतु में राष्ट्रीय पक्षी को नाचते हुए देखकर हर किसी की आंखें आश्चर्यचकित हो जाती है। मोर का कई धर्मों में महत्व है लेकिन सबसे ज्यादा हिंदू धर्म में मोर का महत्व है। इसे भगवान कार्तिक का वाहन भी माना जाता है। कुछ लोग इनका शिकार करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
अनिल/मोहित
