-हरदोई, रायबरेली व खीरी सबसे अधिक कार्रवाई करने वाले जनपद
-महिलाओं-बालिकाओं में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करने को 1,716 एण्टी रोमियो दल सक्रिय
लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 17 अक्टूबर से चलाये जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। राज्य सरकार के मुताबिक इससे जहां एक ओर लोगो में कानून का डर एवं जनविश्वास में बढ़ोत्तरी हुई है वहीं महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं करने वालों के भी हौसले पस्त हुए है।
महिलाओं व बालिकाओं में सुरक्षा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किये जाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 1,716 ‘एण्टी रोमियो दल’ सक्रिय रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। इनके द्वारा अभियान की अवधि में 20 अक्टूबर तक 24,951 स्थानों पर 93,638 व्यक्तियों की चेकिंग की गयी है।
अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बुधवार को बताया कि अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई करने वाले तीन जनपदों हरदोई, रायबरेली व खीरी हैं। उन्होंने बताया कि चेक किये गये व्यक्तियों में से 10,609 लोगों से शपथ-पत्र लेकर छोड़ा गया, जिनमें से 3,392 अभिभावक हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा 2,847 व्यक्तियों के विरुद्ध 107/116 दप्रसं के अन्तर्गत, 1713 व्यक्तियों के विरुद्ध 151 भादसं के तहत, 794 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 110 जी दप्रसं के तहत, 177 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 294 दप्रसं के तहत कार्रवाई तथा 6742 व्यक्तियों के विरुद्ध अन्य कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 596 व्यक्तियों पर गुण्डा एक्ट में भी कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही यूपी 112 भी महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा व छेड़खानी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर रही है। अभियान के दौरान अब तक 2,692 घरेलू हिंसा एवं 410 छेड़खानी के मामलों पर यूपी 112 की पीआरवी पर तैनात जवानों द्वारा तत्परता से मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की गयी है। वीमेन पाॅवर लाइन 1090 ने भी अभियान के दौरान कुल 8141 आई काॅलों पर भी त्वरित कार्रवाई करायी है।
