लखनऊ(हि.स.)। मिशन शक्ति अभियान फेज तृतीय के अंतर्गत किए गए कर्यों के बारे में जिम्मेदार अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी दी है। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विगत सप्ताह में कुल समूह 80 का गठन करते हुए 960 परिवारों को आजीविका मिशन से जोड़ा गया। समूह से जुड़े समस्त सदस्यों का प्रशिक्षण प्रदान करते हुए इनको सामाजिक एवं आर्थिक मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
आजीविका मिशन अंतर्गत जनपद लखनऊ में बीसी सखी का चयन 494 के सापेक्ष 284 को आरसेटी द्वारा प्रशिक्षित करते हुए 164 बीसी सखी को निर्धारित मानक के अनुसार डिवाइस उपलब्ध कराया जा चुका है। जिसमें से 130 बीसी सखी कार्य प्रारंभ कर चुकी हैं। इस सप्ताह चार बीसी सखी को उपायुक्त (स्वत: रोजगार)की ओर से डिवाइस उपलब्ध कराया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत इस सप्ताह समूह सखी माड्यूल-दो का प्रशिक्षण क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, बीकेटी में 25 ग्राम पंचायतों व ग्राम संगठनों की 25 समूह सखियों को प्रदान किया गया है। प्रशिक्षित समूह सखियां अपने-अपने ग्राम संगठनों के संचालन में अपना सहयोग देते हुए समस्त समूह परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन करते हुए उन्हें प्रशिक्षण के लिए प्रेरित करेंगी और प्रशिक्षण प्राप्त कर समूह सदस्यों का क्षमता वर्धन करते हुए आजीविका संवर्धन का कार्य करेंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत इस सप्ताह आईसीआरपी-एफएनएचडब्ल्यू का प्रशिक्षण क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान, बीकेटी में कराया गया, जिसमें विकासखंड माल एवं सरोजनीनगर की 22 आईसी आरपी द्वारा प्रतिभाग किया गया है। प्रशिक्षित आईसीआरपी एफएनएचडब्ल्यू द्वारा अपने क्लस्टर/ग्राम पंचायतों में स्वास्थ्य पोषण एवं स्वच्छता पर महिलाओं को जागरूक करेंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं कृषि विभाग अभिसरण अन्तर्गत किसान पाठशाला व पशु पाठशाला का फार्म आजीविका सखियों एवं कृषि विभाग के सहयोग से 17 ग्राम पंचायतों में आयोजन किया जा रहा है। जिसमें इस सप्ताह लगभग 357 सक्रिय किसान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं व परिवारों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
इस पाठशाला में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन प्रशिक्षित फार्म आजीविका सखी को विभिन्न योजनाओं जैसे बकरी पालन, भैंस पालन, फसल बीमा संबंधित योजना, किसान सम्मान निधि योजना, बीजों पर मिलने वाले अनुदान आदि के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। साथ ही कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान आदि के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत पोषण माह अभियान में जनपद लखनऊ की समूह की महिलाओं द्वारा स्वयं से 1615 पोषण वाटिका/ किचन गार्डन का निर्माण किया गया, जिससे उन्हें उत्तम स्वास्थ्य एवं मौसमी सब्जियां उपलब्ध हो सकेगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विकासखंड स्तर पर समूह सखियों को एक दिवसीय ग्राम पंचायत विकास प्लान पर प्रशिक्षित किया जाना है। जिसमें इस सप्ताह विकासखंड बीकेटी की 35 समूह सखियों का प्रशिक्षण किया गया है, जिसमें समूह की महिलाओं को नारी स्वावलंबन, नारी सुरक्षा, नारी शक्ति पर विस्तृत जानकारी एवं जागरूकता प्रदान की गई
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत जनपद सभी विकास खंडों में 494 ग्राम पंचायतों में 196 विद्युत सखी को एक दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण अंतर्गत प्रशिक्षित किया। विकासखंड काकोरी एवं मलिहाबाद में बैंक सखी का चयन किया गया है, जिसमें 45 प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इनके चयन के उपरांत इनका प्रशिक्षण कराया जाएगा।
