Tuesday, April 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमिशन शक्ति अभियान : समाज में बदलाव लाने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने की खास योजना

मिशन शक्ति अभियान : समाज में बदलाव लाने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करने की खास योजना

गाजियाबाद (हि.स.)। महिलाओं और किशोरियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाये जा रहे विशेष मिशन शक्ति अभियान के तहत मार्च माह की थीम “महिलाओं तथा बच्चों और समाज में सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार” तय की गयी है। इसके तहत महिलाओं और बच्चों को अपने हक की लड़ाई में प्रभावी संचार की भूमिका के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही समाज में ‘‘सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार” के माध्यम से रूढ़िवादी मान्यताओं को दूर करने हेतु सकारात्मक माहौल बनाया जायेगा।

इसके अलावा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महिलाओं की पहचान कर उनकी सफलता की कहानियों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार किया जाएगा ताकि अन्य महिलाओं के लिए वह प्रेरक की भूमिका अदा कर सकें।   
विभाग द्वारा मिशन शक्ति के अंर्तगत अब तक पूरे सूबे में 7,06,14,725 लोगों को जागरूक किया गया है। जिसमें 4,27,45,135 महिलायें तथा 2,78,68,302 पुरूष शामिल हैं।

महिला कल्याण विभाग के निदेशक और मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी मनोज कुमार राय का कहना है कि बहुत से क्षेत्रों में आज भी महिलाओं और बच्चों को भेदभाव व लैंगिक असमानता का शिकार होना पड़ता है, ऐसे में उनको उन स्थितियों से उबारने में प्रभावी संचार की बड़ी भूमिका है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस माह यूनिसेफ के सहयोग से विशेष सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार माड्यूल तैयार किया गया है और मार्च माह में इसी माड्यूल के माध्यम से जनजागरूकता कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में हम बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के साथ सम्मिलित रूप् में कार्य कर रहे हैं।

कार्ययोजना के मुताबिक एक से 7 मार्च तक प्रत्येक जनपद के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की ऐसी महिलाओं की पहचान की जाएगी, जिनके प्रयासों ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाये हों। इसके साथ ही उनकी कहानी अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का काम कर सके। इनमें वह महिलाएं भी शामिल हो सकती हैं जिन्होंने महिलाओं और बच्चों के विकास, सुरक्षा व संरक्षण के लिए असाधारण कार्य किये हों। इनमें महिला कल्याण या बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की प्रतिभावान, सरवाइवर या प्रेरक महिलाओं को भी शामिल किया जा सकता है।

अनंताः महिला कल्याण विभाग ने इस तरह का सामाजिक बदलाव लाने वाली महिलाओं की कहानियों को आमंत्रित किया है ताकि इनकी कहानियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) पर मेगा इवेंट “अनंता” के माध्यम से टीवी, रेडियो, एफएम, कम्युनिटी रेडियो, टाॅक शो, गोष्ठियों, समाचार पत्रों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जा सके।   

RELATED ARTICLES

Most Popular