Friday, January 16, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमिशन उत्तर प्रदेश के लिए अगले छह माह अपने आपको करें समर्पित...

मिशन उत्तर प्रदेश के लिए अगले छह माह अपने आपको करें समर्पित : योगी आदित्यनाथ

साढ़े चार साल में बही विकास की गंगा की धारा को नहीं होने देना कमजोर

कानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले ही अभी छह माह दूर हो, लेकिन राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कानपुर की जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निशाने पर जहां समाजवादी पार्टी रही,वहीं उन्होंने भाजपा सरकार को विकासपरक सरकार बताने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार साढ़े चार वर्षों में विकास की गंगा उत्तर प्रदेश में बही है, उसको अब कमजोर नहीं होने देना है। इसके लिए आप सभी से मेरा आवाहन है कि मिशन उत्तर प्रदेश के लिए अगले छह माह अपने आपको समर्पित कर दें।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना सबसे ज्यादा सपा को निशाना बनाया और कहा कि आज वह विकास की बात करते हैं। अपने कार्यकाल को वह लोग भूल जाते हैं जब कागजों पर योजनाएं संचालित कर रुपयों का बंदरबाट हो जाता था। आज उनको परेशानी होती है ,जब किसी गरीब को शौचालय मिल जाता है, आवास मिल जाता है, किसान सम्मान निधि से सम्मानित किया जाता है। जब किसी पेशेवर अपराधी पर सरकार का बुलडोजर चलता है। इनकी सहानुभूति जनता के प्रति कभी नहीं थी। जिनके समय में आए दिन हत्याएं होती थीं, आज वह घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। सीएए के दौरान यही लोग कानपुर को दंगा में झोंकने का प्रयास किए। प्रदेश में हो रहे लगातार विकास से यह लोग समझ रहे हैं कि अब हमारी राजनीति खत्म होने वाली है। इसके चलते तरह—तरह के प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता विकास के रास्ते पर चल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी से मेरा आवाहन है कि इन लोगों के बहकावे में नहीं आना है और अगले छह माह उत्तर प्रदेश के विकास के लिए अपने आपको मिशन यूपी के तहत समर्पित करना है। आप लोगों के छह माह के समर्पण से इनके मंसूबे अपने आप विफल हो जाएंगे और उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर तेजी से दौड़ेगा।

साढ़े चार लाख युवाओं को दी गई नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में साढ़े चार लाख युवाओं को नौकरी बिना भेदभाव के दी गई है।एक जनपद- एक उत्पाद के माध्यम से सात लाख लोगों को रोजगार मिला। औद्योगिक विकास को लेकर तेजी से कार्य हुआ। जिस उत्तर प्रदेश को कोई देखने नहीं आता था भाजपा सरकार में तीन लाख करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव हुआ है। कानपुर में तीन सौ एकड़ भूमि डिफेंस कॉरिडोर के लिए आवंटित की गई है। तकनीकी संस्थानों के साथ प्रदेश का विकास हो रहा है। पूर्व डीजीपी और राज्यसभा सांसद बृजलाल यहां की तीन सीटों के प्रभारी के रूप में काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य की गति बढ़ा रहे हैं। आगे कहा कि केन्द्र सरकार के साढ़े सात वर्ष हो रहे हैं और बिना रुके मोदी जी भारत माता के विकास के लिए प्रयासरत हैं। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के 24 करोड़ लोगों के लिए उसी नीति पर विकास कार्य कराये जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular