Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमिनी बस और ट्रक की टक्कर में एक छात्र की मौत, कई...

मिनी बस और ट्रक की टक्कर में एक छात्र की मौत, कई घायल

औरैया (हि.स.)। कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के गांव प्रतापपुरा में रविवार की सुबह हाईवे पर हादसा हो गया। परीक्षार्थियों को लेकर जा रही मिनी बस आगे जा रहे ट्राला में पीछे से घुस गई। हादसे में छह से अधिक परीक्षार्थी घायल हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया और लोगों की भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई।

मैनपुरी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के परीक्षार्थी ट्रिपल-सी की परीक्षा देने के लिए तीन मिनी बसों से मध्य प्रदेश के छतरपुर गए थे। वहां से वह वापस अपने घर आ रहे थे। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र प्रतापपुरा के पास हाईवे के ओवरब्रिज पर ओवरटेक करते समय आगे जा रहे ट्राला से छात्रों से भरी बस पीछे से जा भिड़ी। हादसे में सवार परीक्षार्थियों में करीब आधा दर्जन परीक्षार्थी घायल हो गये। सुबह टहलने निकले लोगों ने बस में फंसे घायलों को निकाला। साथी परीक्षार्थी सभी घायलों को अपनी दूसरी बस से सैफई अस्पताल ले गए। हादसे में मैनपुरी जनपद के गांव चौबेपुर निवासी परीक्षार्थी अंकुर की सैफई पहुंचते ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर मौजूद परीक्षार्थियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। काफी देर तक पुलिस के अलावा कोई प्रशासनिक अधिकारियों के न पहुंचने को लेकर परीक्षार्थी गुस्सा हो गए और उन लोगों ने हाईवे की दोनों लेन पर खड़े होकर हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

कोतवाली अपराध निरीक्षक गया प्रसाद, अनन्तराम चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी, कस्बा इंचार्ज रामनरेश सिंह आदि के समझाने पर परीक्षार्थी शांत हुए। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को कब्जे में लेकर कोतवाली खड़ा किया गया है। ट्राला के बारे में जानकारी की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular