सोनभद्र (हि.स.)। चोपन-गढ़वा रेल रूट पर दुद्धी रेलवे स्टेशन के पास बुधवार को अप लाइन पर रेनुकूट जा रही मालगाड़ी के दो इंजन व एक बोगी पटरी से उतर गए। मालगाड़ी के डिरेल होने की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
गढ़वा रोड से 58 बोगी की मालगाड़ी रेनुकूट के लिए निकली थी। बुधवार सुबह 05 बजकर 55 मिनट पर दुद्धी नगर स्टेशन के पूर्वी होम पर पहुंची ही थी कि मालगाड़ी के दो इंजन व एक बोगी पटरी से उतर गए। स्टेशन के करीब व ट्रैक पर मोड़ होने के कारण ट्रेन की रफ्तार कम थी। इस कारण बड़ा हादसा टल गया। चालक और गार्ड डिरेल इंजन से नीचे की स्थिति देखकर घटना की जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दिया। रेल बेपटरी होने की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे।
रेलवे अफसरों का कहना है कि स्टेशन के पूर्वी होम में ट्रेन डिरेल होने से ट्रैक का संचालन बाधित हो गया। मालगाड़ी के पीछे से इंजन बुलाकर महुली स्टेशन पर खड़ा कराया गया है। कार्य तेजी से किया जा रहा है। जल्द की गाड़ियों के संचालन के लिए रूट बहाल कर दिया जाएगा।
पीयूष
