Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेश मार्च के पहले ही सप्ताह में बदला मौसम, पड़ने लगी गर्मी

 मार्च के पहले ही सप्ताह में बदला मौसम, पड़ने लगी गर्मी

लखनऊ (हि.स.)। तेजी से बदलते मौसम के चलते उप्र में मार्च माह की शुरुआत के साथ ही गर्मी पड़ने लगी है। आलम यह है कि होली से पूर्व ही न्यूनतम तापमान में लगातार वृद्धि होने से गर्मी का असर बढ़ रहा है। राजधानी लखनऊ में दिन के साथ-साथ रात में गर्मी अपना रंग दिखाने लगी है। लखनऊ मौसम विभाग की मानें तो अब रात में भी गर्मी का एहसास होने लगेगा।

लखनऊ मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक नवाबों के शहर लखनऊ में शनिवार को न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हुई है। इससे दिन के साथ-साथ अब धीरे-धीरे रात में भी लोगों को गर्मी का एहसास होगा। मौसम विभाग ने आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान जारी किया है। इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है।

लखनऊ के अलावा सबसे ज्यादा रात का तापमान बाराबंकी जिले का रहा। बाराबंकी जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान छह डिग्री बढ़कर 20 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। कानपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि वाराणसी में 34 डिग्री सेल्सियस तक अनुमान जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि अब मौसम ऐसा ही बना रहेगा और मार्च माह में गर्मी अभी और बढ़ेगी। होली के पर्व के बाद धीरे-धीरे एक से दो डिग्री सेल्सियस दिन के तापमान में और रात के तापमान में रोजाना बढ़ोतरी होने लगेगी।

इस बार गर्मी ने अपना रंग फरवरी माह के आखिरी दो सप्ताह में ही दिखाना शुरू कर दिया था। मार्च माह की शुरुआत से इसमें धीरे-धीरे तापमान के साथ गर्मी बढ़ने का सिलसिला जारी है। लोगों के द्वारा गर्मी से बचने के लिए इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। बाजार में एसी-कूलर, पंखों, फ्रिज के साथ अन्य गर्मी के संसाधानों की मांग बढ़ने लगी है।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular