औरैया (हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे पर दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को गाड़ी से खींचकर निकाला तथा पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष भी था।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्तेस्वर निवासी अंकुर पोरवाल पुत्र अरविंद पोरवाल बुधवार को अपनी कार लेकर हाइवे की ओर कहीं जा रहा था। जैसे ही नेशनल हाईवे पर जालौन ओवर ब्रिज पर पहुंचा तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर से उसकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और युवक उसमें फंस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंचे सदर कोतवाल पंकज मिश्रा एवं सीओ सिटी महेंद्र प्रताप ने राहगीरों के माध्यम से गाड़ी में फंसे शव को बाहर निकलवाया तथा मामले की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अंकुर पोरवाल भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष भी था।
सुनील /दिलीप
