मऊ (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व के दिन मार्कण्डेय धाम कैथी में भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकप वैन मंगलवार की दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर पलट गई। जिसमें लगभग दो दर्जन से ज्यादा लोग व ड्राइवर घायल हो गए। घटना के बाद लोगों की चीख-पुकार पर आनन-फानन में हाइवे कर्मी, पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक थाना रानीपुर क्षेत्र के ग्राम खीरिया बस्ती चाल्हा वह ठकुरमनपुर के दो दर्जन से ज्यादा लोग टाटा की माल वाहक पिकप वैन यूपी 50 एटी 9268 पर सवार होकर महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व संध्या पर मार्कण्डेय धाम दर्शन करने गये थे। वे सुबह दर्शन करके लौट रहे थे और उनकी गाड़ी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के थाना सरायलखंसी के खरगजेपुर गांव के सामने पहुंची थी कि ड्राइवर को हल्की झपकी आ गई। जिसके कारण पिकअप वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। घटना में ड्राइवर समेत सभी श्रद्धालु गम्भीर रूप से घायल हो गए। पिकप वैन का गति धीमी होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया।
घायलों को आनन-फानन में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सुरक्षा कर्मियों, थाना सरायलखंसी पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। मौके पर ही क्षेत्र में भाजपा के सदर प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह के लिए वोट मांगने निकले कमलेश सिंह एवं उनके साथियों ने घायलों को जिला अस्पताल में तत्काल एम्बुलेंस से निकाल कर भर्ती कराया। घायलों में नौरंगिया देवी, बसंती देवी, इंद्रावती देवी, बूचिया देवी, शांति देवी, अनीता देवी, राजेंद्र चौहान, सोनम चौहान, प्रमिला चौहान, रामजन्म चौहान, सजनी देवी,अनूपी देवी आदि शामिल हैं।
आनन्द कुमार
