Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमारपीट कर महिला को मरणासन्न अवस्था में नहर में फेंका

मारपीट कर महिला को मरणासन्न अवस्था में नहर में फेंका

-पति सहित चार ससुरालीजनों पर हत्या का प्रयास करने का आरोप

फतेहपुर (हि.स.)। जिले में रविवार की सुबह नहर में एक घायल को महिला बेहोशी की हालत में ग्रामीणों ने पड़ा देखा। सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस ने महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दी। मायकेवालों ने ससुरालीजनों पर महिला को प्रताडि़त करने और उसकी हत्या करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। घटना के लिए पति सहित चार ससुरालीजनों को दोषी बताया है।

कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोरसम गांव के समीप आज सुबह करीब 7:00 बजे नहर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में रेखा देवी(24)पत्नी रामलाल को ग्रामीणों ने पड़े देखा। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि महिला की ससुराल कस्बा मलवां थाना मलवां है, जबकि मायका ओरई का पुरवा हरसिंहपुर थाना मलवा है।

ग्रामीणों का मानना है कि महिला के साथ पहले नहर पटरी में मारपीट कर घायल किया गया फिर उसे घसीट कर नहर में डाल दिया गया। महिला को नहर के सूखे वाले स्थान में फेंका गया था। पानी के अंदर फेका गया होता तो ठंड से मर सकती थी। घायल महिला के भाई राहुल ने ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए बताया कि पति, जेठ, ननद व ननदोई उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। कल हत्या करने का प्रयास किया था। घायल महिला की मां ने बताया कि उसकी पुत्री चार माह की गर्भवती है, उसकी पुत्री की 6 साल की एक बेटी एंजेल है। वह लापता है, नहीं मिल रही है।

थानाध्यक्ष आनन्द पाल सिंह ने बताया कि कोरसम गांव के समीप नहर के अंदर ग्रामीणों की सूचना पर गंभीर रूप से घायल एक महिला बेहोशी की हालत में मिली है। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल फतेहपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। वहीं महिला रेखा की पुत्री एंजेल को कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पाली खेड़ा गांव के पास से ग्रामीणों की सूचना पर चौडगरा पुलिस ने बरामद कर लिया गया है। भाई राहुल की तहरीर पर ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच शुरू की है।

देवेन्द्र/सियाराम

RELATED ARTICLES

Most Popular