लखनऊ। बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद के निधन पर उत्तर प्रदेश के नेताओं की ओर भी गहरा शोक जताया गया है।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो मायावती ने कहा कि बिहार की जानी-मानी राजनीतिक हस्ती व पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह के आज निधन की खबर अति-दुःखद है। उनके परिवार व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना। उनका बेबाक व संघर्षशील व्यक्तित्व एवं बिहार की राजनीति में उनकी लम्बी व अहम भूमिका को लोग शायद ही कभी भुला पायेंगे।
वहीं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बिहार के वरिष्ठ राजनेता पूर्व केंद्रीय मंत्री आदरणीय रघुवंश प्रसाद सिंह के निधन की सूचना सुनकर अत्यंत दुःख हुआ। गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के लिए उनका समर्पण सदैव याद किया जायेगा। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद का रविवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली एम्स में आखिरी सांस ली। फेफड़े में संक्रमण की वजह उन्हें भर्ती कराया गया था। अचानक तबीयत ज्यादा खराब होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
