मेरठ (हि.स.)। रोक के बाद भी मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक देने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में अपनी भाभी के कहने पर पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के तारापुरी निवासी नईम की शादी चार साल पहले जयपुर निवासी खुशबू से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दंपति के बीच विवाद होने लगा। अपनी भाभी के कहने पर नईम ने खुशबू का उत्पीड़न शुरू कर दिया। गुरुवार की रात विवाद बढ़ने पर नईम ने अपनी पत्नी को तीन तलाक दे दिया। उस समय परिवार के सभी लोग वहां पर मौजूद थे। आरोप है कि किसी भी परिजन ने पीड़िता का साथ नहीं दिया। विरोध करने पर महिला को घर से निकाल दिया गया। शुक्रवार को पीड़िता ने लिसाड़ी गेट थाने में अपने पति और उसकी भाभी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट कुलदीप सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कुलदीप
