Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमाफिया खान मुबारक के विरूद्ध प्रशासन की बड़ी कार्यवाही

माफिया खान मुबारक के विरूद्ध प्रशासन की बड़ी कार्यवाही


अम्बेडकरनगर (हि.स.)। अंडरवर्ल्ड डॉन जफर सुपारी के भाई व माफिया खान मुबारक पर प्रशासन का शिकंजा कस गया है। प्रशासन ने खान मुबारक गैंग के सदस्यों की पहचान कर उनके विरूद्ध कार्यवाही शुरू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट ने खान मुबारक की चार करोड़ की सम्पत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिसके तहत लगभग तीन करोड़ रूपये की सम्पत्ति कुर्क की जा चुकी है। 
जिले के हंसवर थाना क्षेत्र के हरसम्हार गांव निवासी माफिया खान मुबारक के ऊपर प्रदेश भर में लगभग तीन दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। मौजूदा समय में वह हरदोई जेल में बंद है। सोमवार को ही पुलिस ने खान मुबारक गैंग के खास सदस्य अलीगंज थाना क्षेत्र के मखदूम नगर निवासी परवेज के घर की कुर्की का आदेश भी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से प्राप्त किया था। परवेज लम्बे समय से पुलिस को वांछित है और वह फरार चल रहा है। परवेज पर एक लाख तथा उसकी पत्नी रूबीना पर पचास हजार रूपये का इनाम घोषित है। मंगलवार को पुलिस ने परवेज के घर की कुर्की की। कुर्की किये जाने के दौरान दरवाजा व जंगला निकालते समय मकान जर्जर होने के कारण ढह गया। परवेज के घर की कुर्की किये जाने के उपरान्त प्रशासनिक अमला हंसवर थाना क्षेत्र में स्थित खान मुबारक की अवैध सम्पत्तियों को ध्वस्त करने पहुंचा। 
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, उपजिलाधिकारी टाण्डा अभिषेक पाठक, व भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हंसवर बाजार में स्थित खान मुबारक की बीस दुकानों को ध्वस्त किया गया जिनकी कीमत एक करोड़ चालीस लाख रूपये बतायी जा रही है। बताया जाता है कि खान मुबारक ने इन कमरों को एक मौर्या की जमीन पर अवैध कब्जा करके बनवाया था। फिलहाल इन दुकानों में कोई किरायेदार नहीं था और सभी दुकानें खाली थीं जिसके बाद प्रशासन ने खान मुबारक की ही जेसीबी से सभी कमरों को ध्वस्त करवा दिया। इस कार्यवाही के बाद अब लोगों की निगाहें जिले के अन्य माफियाओं की सम्पत्तियों पर कार्यवाही को लेकर लग गई हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular