Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेश माफिया अजीत शाही ने किया सरेंडर, इनाम राशि बढ़ाने की हो चुकी...

 माफिया अजीत शाही ने किया सरेंडर, इनाम राशि बढ़ाने की हो चुकी है सिफारिश

गोरखपुर(हि.स.)। माफिया अजीत शाही ने एसीजेएम कोर्ट नंबर दो में आत्मसमर्पण कर दिया है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। 12 मई से माफिया की तलाश चल रही थी। शाहपुर थाने में जबरिया वसूली, धमकी व बलवा का मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह फरार था। पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश कर रही थी लेकिन वह चकमा देने में कामयाब रहा।

एसएसपी डाॅ. गौरव ग्रोवर ने अभी बुधवार को ही इस पर घोषित इनाम की धनराशि को बढ़ाने के लिए आईजी के पास फाइल भेज दी थी। इनाम राशि को 50 हजार रुपये करने की सिफारिश की गयी है।

माफिया अजीत शाही का गैंग डी-4, वर्ष 2010 में पुलिस रिकार्ड में दर्ज हुआ था। माफिया पर पहला केस वर्ष 1991 में मारपीट और धमकी का दर्ज हुआ था। फिर, शहर के कैंट, खोराबार, शाहपुर, गुलरिहा, गोरखनाथ और खामपार मिलाकर अब तक 33 मुकदमें दर्ज हुए हैं। अंतिम मुकदमा वर्ष 2016 में खोराबार थाने में दर्ज हुआ था। हालांकि, इन मुकदमों में से कई में अभी माफिया अजीत शाही कोर्ट से बरी हो चुका है। रेलवे कोऑपरेटिव बैंक में तीन मई को विवाद हुआ था।

इस विवाद मामले में 12 मई को समझौता के लिए माफिया अजीत शाही अपने कुछ गुर्गों के साथ गया हुआ था। अब उस मामले में बैंक के सहायक सचिव धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बैंक के अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर माफिया अजीत शाही व अन्य लोगों पर धमकी सहित अन्य धाराओं में शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया है। कर्मचारियों ने कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष अनिल सिंह विशेन को पूरी घटना का मास्टर माइंड बताया है। अनिल सिंह द्वारा ही अजीत शाही को बुलाने की बात कही गई है।

यह है मामला

बेतियाहाता में रहने वाला अजीत शाही मूल रूप से देवरिया जिले का निवासी है। उसके विरुद्ध कैंट, शाहपुर, गुलरिहा समेत जिले के कई थानों में 33 मुकदमे दर्ज हैं। 12 मई को माफिया साथियों संग रेलवे कारखाना के पास स्थित पूर्वोत्तर रेलवे के दी मैकेनिकल डिपार्टमेंट प्राइमरी कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड में पहुंचा। बैंक अध्यक्ष अनिल सिंह, कर्मचारी कौशल कुमार शाही उर्फ बमभोले व प्रदीप श्रीवास्तव भी थे। आरोप है कि सचिव व बैंककर्मियों पर माफिया दबाव बनाने लगा कि अध्यक्ष के रिश्तेदार की कंफर्म नियुक्ति करा दें। जान से मारने की धमकी देने लगा। बैंक के सहायक सचिव धीरेंद्र श्रीवास्तव ने आरोपितों के विरुद्ध शाहपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

डा. आमोदकांत/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular