-स्थानीय स्तर पर वातावरण में नमी के कारण हो सकती है बूंदाबांदी
कानपुर (हि.स.)। मानसून की टर्फ रेखा मध्य प्रदेश और राजस्थान के आसपास बनी हुई है। इससे कानपुर सहित आसपास के जनपदों में मानसून कमजोर हो गया और उमस भरी गर्मी से लोग हलकान हो रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तीन दिन कानपुर में बारिश के आसार नहीं है। हालांकि स्थानीय स्तर पर वातावरण में नमी होने से बूंदाबांदी हो सकती है।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि उत्तर प्रदेश में बीते पांच दिनों से मानसून कमजोर हो गया है। इसके चलते पूरे उत्तर प्रदेश में गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। 10 जुलाई के बाद मानसून के फिर से सक्रिय होने के आसार बन रहे हैं। हालांकि आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
बताया कि मानसून की टर्फ रेखा इन दिनों राजस्थान और मध्य प्रदेश के आसपास बनी हुई है। इससे वहां पर बारिश हो रही है, लेकिन कानपुर सहित मानसून पूरी तरह से कमजोर हो गया है। संभावना है कि हवाओं की दिशाएं बदलने से 10 जुलाई के बाद कानपुर के आसपास फिर से मानसून सक्रिय हो जाएगा। इस दौरान कहीं तेज धूप तो कहीं आसमान में काले बादल छाएं रहेंगे। तापमान भले ही सामान्य से एक या दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहता हो लेकिन वातावरण में नमी होने के चलते लोगों को 42 डिग्री सेल्सियस के बराबर उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है।
अजय
