Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमानसून की पहली बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत

मानसून की पहली बारिश से लोगों को मिली गर्मी से राहत

मुरादाबाद(हि.स.)। एक पखवाड़े से भीषण गर्मी झेल रही जनता को रविवार सुबह शुरू हुई बारिश ने काफी राहत दी है। बारिश ने न्यूनतम पारा 04 डिग्री और अधिकतम पारा 08 डिग्री नीचे पहुंचा दिया। मौसम विशेषज्ञ इस बार मानसून में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जता रहे हैं।

रविवार सुबह छह बजे के आसपास अचानक काले बादलों से आसमान घिर गया। तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईं। लगभग एक घंटे तक हुई बारिश से अधिकतम तापमान में 08 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे सप्ताह भर से 40-41 डिग्री चल रहा अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 04 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज हुई। पिछले सात-आठ दिनों से न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था। वह भी आज 23 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके चलते जनपद में उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिलती नजर आई।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एके सिंह ने बताया कि रविवार की बारिश के साथ मानसून ने जिले में दस्तक दे दी है। आने वाले सप्ताह भर बारिश प्रतिदिन पड़ने का अनुमान है। इस बार अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।

बारिश के पानी से जलमग्न हुईं कालोनियां

जनपद में रविवार को हुई झमाझम बारिश के बाद जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, बारिश ने सड़क से गुजरने वालों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। एमडीए और आवास विकास की कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। महानगर के कई मोहल्लों में गलियों ने तालाब का रूप ले लिया। सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निमित /दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular