Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमातम में बदलीं शादी की खुशियां, बच्चों महिलाओं समेत 13 की मौत

मातम में बदलीं शादी की खुशियां, बच्चों महिलाओं समेत 13 की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया में बीती रात एक मांगलिक कार्यक्रम के अवसर पर आयोजित ‘मटकोड़’ कार्यक्रम करने गई महिलाओं के साथ दर्जनों किशोरियां व बच्चे लौटते समय कुएं में गिर गए। इस दर्दनाक हादसे में नौ बच्चों समेत 13 की मौत हो गयी। सीएमओ डॉ सुरेश पटारिया ने बताया कि 11 शव जिला अस्पताल पहुंचे थे और दो और शवों के आने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के नौरंगिया के स्कूल टोला निवासी परमेश्वर कुशवाहा के पुत्र की बृहस्पतिवार को शादी है। वैवाहिक रस्म के क्रम में महिलाएं हल्दी की रस्म अदायगी के दौरान बुधवार की देर रात करीब 10 बजे गांव के बाहर मटकोर करने गई थीं और उनके साथ बच्चे भी गए थे। लौटते समय काफी रात हो गयी। रास्ते में भीड़ अधिक थी। महिलाएं और किशोरियां नाचते गाते हुए लौट रही थीं। गांव में आने का रास्ता संकरा था और रास्ते के बगल में गहरा कुआं भी था। इस पर करीब बीस साल पहले स्लैब डालकर बंद कर दिया गया था। जगह न मिलने से कुछ बच्चे व महिलाएं कुएं पर चढ़ गए। अचानक स्लैब टूट गया और कई लोग कुएं में गिर पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से कुएं में पंप लगवाया। पानी निकालने के साथ गिरे लोगों को निकालने का सिलसिला शुरू हुआ। कुएं में 23 लोग गिरे थे। सभी को निकट के अस्पताल भेजा गया। इनमें 13 की हालत गंभीर देख कर जिला अस्पताल भेजा गया। इन सभी को देखने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भीड़ इतनी अधिक जुट गयी थी कि कर्मचारी पहचान हुए बगैर सभी शवों को मोर्चरी भेज दिया।

मातम में बदलीं शादी की खुशियां, बच्चों महिलाओं समेत 13 की मौत
प्रिंस व रविशंकर बन गए देवदूत

घटना के बाद गांव के प्रिंस और रविशंकर समेत कई लोगों ने अपनी जान की परवाह नहीं की और अंधेरे के बीच गहरे कुएं में उतर गए। एक-एक करके महिला, युवती व बच्चियों को बाहर निकालना शुरू किया। छह लोगों को बाहर निकाला जा सका था। इस बीच पुलिस भी आ गई। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस की मौजूदगी में महिला, युवती और बच्चियों को कुएं से बाहर निकाला गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन सबका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पीएम, सीएम ने जताई गहरी संवेदना

पीएम मोदी ने कुशीनगर हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ितों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की है घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है। उन्होंने कहा, ’उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।’ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कुएं में गिरने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर बचाव व राहत कार्य संचालित करने तथा हादसे में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर, डीआईजी, डीएम, एसपी ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य की जानकारी ली। साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है। डीएम राजलिंगम ने कहा कि नेबुआ नौरंगिया में हुए हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। रेस्क्यू आपरेशन में जिनकी भी लापरवाही समाने आएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हादसे में इनकी हुई मौत

परी (01) पुत्री राजेश चौरसिया
आरती (10) पुत्री इंद्रजीत चौरसिया
शशिकला (15) पुत्री मोहन चौरसिया
पूजा (15) पुत्री बलवंत यादव
सुंदरी (15) पुत्री प्रमोद कुशवाहा
ज्योति (15) पुत्री रामबराई चौरसिया
राधिका (16) पुत्री महेश कुशवाहा
पूजा (20) पुत्री रामबराई चौरसिया
मीरा (25) पुत्री सुग्रीव विश्वकर्मा
शकुंतला देवी (35) पत्नी भोला चौरसिया
ममता देवी (35) पत्नी रमेश चौरसिया
दो की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है

पांच साल पहले भी हुई थी बड़ी दुर्घटना

नौरंगिया गांव में पांच वर्ष पहले भी एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हुआ था। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2017 में गांव में बारात आई थी, जिसमे सड़क के किनारे द्वार पूजा से पहले आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। बराती और घराती आर्केस्ट्रा देख रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित पिकअप लोगों को रौदते हुए निकल गयी थी। उस हादसे में क्यासपति, बिट्टू शर्मा, अंगिरा व तारा देवी सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 10 लोग घायल हुए थे।

मातम में बदलीं शादी की खुशियां, बच्चों महिलाओं समेत 13 की मौत
यह भी पढ़ें : अखिलेश ने टिकट बंटवारे में परिवार को नकारा, अपराध पर कसेंगे शिकंजा
कलमकारों से अनुरोध..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

RELATED ARTICLES

Most Popular