-अयोध्या एवं विंध्याचल मार्ग पर स्पेशल ट्रेन चलाने की चर्चा
-माघ मेले से पहले सभी रेलवे स्टेशनों के आसपास से अतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा
प्रयागराज (हि.स.)। माघ मेला 2022-23 को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत एवं मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा की अध्यक्षता में रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की समन्वय बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में हुई। बैठक में पूर्व में आयोजित माघ मेलों से सीख लेते हुए कुछ आवश्यक निर्णय लिए गए। मंडलायुक्त ने रेलवे विभाग को विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के संचालन संबंधी निर्णय भी उसी को ध्यान में रखते हुए लेने की बात कही।
मंडलायुक्त ने रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर माघ मेले की भीड़ प्रबंधन के दृष्टिगत एक कंटीन्जेसी प्लान तैयार करने का भी प्रस्ताव दिया है। जिसके अंतर्गत दोनों ही विभागों के अधिकारी संयुक्त सिग्नेचर कर प्लान का सत्यापन करेंगे। उन्होंने जिलाधिकारी को वॉलिंटियर्स की एक बड़ी टीम तैयार कराने का भी निर्देश दिया है, जिससे कि पुलिस एवं सिविल डिफेंस के अतिरिक्त इन वॉलिंटियर्स का इस्तेमाल मेला क्षेत्र, रेलवे स्टेशन तथा अन्य शहरी इलाकों में भीड़ प्रबंधन हेतु किया जा सके। उन्होंने इन वॉलिंटियर्स का 100-100 व्यक्तियों का ग्रुप तैयार कर उनका ओरियंटेशन कराने के भी निर्देश दिए हैं। इनके चिन्हीकरण हेतु इन्हें “क्या मैं आपकी सहायता कर सकता हूं टी-शर्ट“ पहनाने का सुझाव भी मंडलायुक्त ने दिया है।
श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के दृष्टिगत मेला क्षेत्र के साथ-साथ इस बार शहर के विभिन्न स्थानों में भी साईनेज लगाए जाएंगे जिससे श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। शहरी एवं मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कलर कोटेड साईनेज लगाने का भी प्रस्ताव है, जो विभिन्न रेलवे स्टेशनो तक ले जाने के मार्ग के साथ-साथ किस दिशा में वहां से ट्रेन मिलेगी, इसकी जानकारी देंगे। माघ स्नान उपरांत भारी मात्रा में श्रद्धालुओं का तीर्थाटन हेतु अयोध्या एवं अन्य स्थानों में जाने की प्रथा को ध्यान में रखते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने अयोध्या एवं विंध्याचल मार्ग हेतु स्पेशल ट्रेन चलाने की भी बात की। परंतु निर्णय हुआ कि भीड़ को देखते हुए उसी समय किया जाएगा।
जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रेलवे के अधिकारियों से सभी स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, मेला क्षेत्र में दो टिकट काउंटर बनाने तथा स्टेशन के आसपास रैन बसेरा का इंतजाम करने की बात की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश पांडे ने रेलवे स्टेशनों की फीड पुलिस के साथ साझा करने तथा ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों को मेला सम्बंधित जानकारी के बारे में ट्रेनिंग देने पर जोर दिया। बैठक में माघ मेले से पहले सभी रेलवे स्टेशनों के आसपास से तथा नवाब युसूफ रोड सेअतिक्रमण हटाने पर भी चर्चा की गई।
विद्या कान्त
