–स्नानार्थियों को रास्ते के लिए देंगे पैक खाना : गुरुदेव
प्रयागराज (हि.स.)। संगम की रेती पर हर साल लगने वाले माघ मेले में साधु-संतों और संस्थाओं का आना शुरू हो गया है। माघ मेले के दौरान सबसे बड़ा अन्य क्षेत्र चलाने वाली संस्था ओम नमः शिवाय प्रयागराज ने भी परेड में शिविर के लिए भूमि पूजन किया। संस्था के गुरुदेव ने बताया कि 12 जनवरी से दर्जन भर स्थानों पर अन्न क्षेत्र शुरू होगा।
शनिवार को गुरूदेव ने जानकारी देते हुए बताया कि माघ मेला, अर्धकुंभ मेला और कुंभ मेला में पिछले 40 वर्षों से ओम नमः शिवाय संस्था की ओर से मेला क्षेत्र के दर्जन भर स्थानों पर अन्न क्षेत्र चलाया जाता है। जिसमें लाखों लोग दिन-रात परिवार सहित प्रसाद ग्रहण करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार भी माघ मेले में ओम नमः शिवाय संस्था की ओर से परेड, किला चौराहा, प्रशासनिक कार्यालय, बड़े हनुमान मंदिर और संगम क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर विशाल अन्न चलाया जाएगा। ओम नमः शिवाय संस्था ने कोरोना काल के दौरान यूपी के 5 शहरों प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी में सात महीने तक दिन-रात अन्न क्षेत्र चलाया था। इस दौरान दूसरे प्रदेश से आने वाले श्रमिकों, प्रतियोगी छात्रों को नाश्ता, भोजन और बच्चों के लिए दूध और बोतलबंद पानी भी उपलब्ध कराया था।
गुरुदेव ने बताया है कि इस बार मेले में बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और स्नानार्थियों को प्रसाद पैकेट में भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वह रास्ते में खाना खा सके और उनको कोई परेशानी न होने पाए। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण का भी खतरा बढ़ता जा रहा है। इसलिए अन्न क्षेत्र चलाए जाने में कोविड प्रोटोकॉल का भी शिविर और मेला क्षेत्र में सख्ती से पालन किया जाएगा।
विद्या कान्त
