बलरामपुर(हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी के बीते दिनों जनपद दौरे पर आने के बाद से मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय निर्माण की जिले में कवायद तेज हो गई है। विश्वविद्यालय निर्माण को लेकर जमीन की खोजबीन शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय का निर्माण अभी तक गोंडा में होना था।
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने शुक्रवार को इस सम्बंध में जानकारी देते हुए बताया कि 21 मार्च को देवीपाटन मंदिर में मुख्यमंत्री प्रवास पर आए थे। इस दौरान उन्हें मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना देवीपाटन तुलसीपुर के आसपास किए जाने को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा जनभावनाओं को अवगत कराया गया था। जिस पर मुख्यमंत्री ने तुलसीपुर के आसपास निर्माण को लेकर आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के आश्वासन बाद अधिकारियों द्वारा जमीन की खोज शुरू कर दी गई है। पूर्व में भी हमारे द्वारा विश्वविद्यालय स्थापना की मांग की गई थी। विधायक ने कहा कि मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय देवीपाटन क्षेत्र में भी इसका निर्माण हो यही प्रयास है।
यूपी बजट के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा देवीपाटन मंडल में मां पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय स्थापना को लेकर धन अवमुक्त किया गया था। अधिकारियों के द्वारा गोंडा में विश्वविद्यालय निर्माण की तैयारी की जाने लगी। इस बीच विश्वविद्यालय का निर्माण देवीपाटन के आसपास कराए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी। समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा जनपद में ही इसके निर्माण किये जाने की मांग की जा रही है।
प्रभाकर
