कानपुर देहात (हि.स.)। जनपद में शुक्रवार को प्रदेश की मनरेगा महिला मेट ग्रामीण विकास समिति ने त्रिसूत्रीय मांग काे लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में महिलाओं ने अपने अधिकारों की मांग की है।
मनरेगा महिला मेट ग्रामीण विकास समिति की महिलाओं ने रैली निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और ज्ञापन दिया। समिति की प्रान्तीय अध्यक्ष सरिता मिश्रा ने बताया कि उन्होंने त्रिसूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपा है। इसमें उत्तर प्रदेश की सभी महिला मेटों को नियमित रूप से मासिक मानदेय सहित ब्लॉक कर्मी घोषित कर नियुक्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं जाए। इसी के साथ सभी ग्राम पंचायत में जो भी महिला मेट नियुक्ति हुई हैं वहां पर अब नई नियुक्ति न की जाए और 20 श्रमिकों का लगा हुआ प्रतिबंध भी हटाया जाए। वहीं महिला मेट के हस्ताक्षर के बिना मास्टर रोल पास न किया जाए। तीसरी मांग में उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जियो टैगिंग का पूरा अधिकार देकर शासन द्वारा स्मार्ट फोन भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनके कार्य समय से हो सके। इस दौरान कई महिलाएं मौजूद रहीं।
अवनीश
