Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमांगों को लेकर नगर निगम कार्यकारिणी में सफाईकर्मियों का हंगामा

मांगों को लेकर नगर निगम कार्यकारिणी में सफाईकर्मियों का हंगामा

मेरठ (हि.स.)। अपनी मांगों को लेकर बुधवार को सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में जमकर हंगामा किया। उन्होंने महापौर और नगर निगम के अधिकारियों का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। महापौर और कार्यकारिणी उपाध्यक्ष ने मांग पूरा करने का आश्वासन दिया।

नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक बुधवार को टाउन हॉल परिसर में हो रही थी। उसी समय उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ नगर निगम के महामंत्री कैलाश चंदोला के नेतृत्व में सफाईकर्मियों का प्रतिनिधिमंडल बैठक में जा पहुंचा। उन्होंने महापौर सुनीता वर्मा, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रंजन शर्मा समेत नगर निगम के अधिकारियों को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों ने समान कार्य, समान वेतन, संविदा बहाली आदि मांगों को लेकर नारेबाजी की। उन्होंने वेतन बढ़ोत्तरी करने की मांग उठाई। नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारी नहीं माने। बैठक के बाद महापौर सुनीता वर्मा ने कर्मचारियों के बीच जाकर उनकी मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सफाईकर्मियों का वेतन 14 हजार रुपए करने की घोषणा कर दी।

महापौर ने बताया कि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रंजन शर्मा ने इसका प्रस्ताव भी कार्यकारिणी बैठक में रखा है। सफाईकर्मियों ने इस निर्णय का स्वागत किया। कर्मचारी नेता कैलाश चंदोला ने कहा कि सफाईकर्मियों की संविदा बहाल होनी चाहिए। शासनादेश के तहत उनका नियमितीकरण होने तक आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर राजकुमार सिद्धार्थ, विनेश विद्यार्थी, विनेश मनोठिया, संजय कुमार, मनोज पार्चा आदि उपस्थित रहे।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular