– व्यापारी की मौत के मामले में जेल में बंद आईपीएस मणिलाल
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद महोबा के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में जेल में बंद आईपीएस मणिलाल पाटीदार को बर्खास्त कर दिया गया है। उनका नाम आईपीएस अफसरों की सिविल सूची से भी हटा दिया गया है। राज्य सरकार की सिफारिश के बाद केंद्र सरकार ने यह कार्रवाई शनिवार को की है।
महोबा के तत्कालीन एसपी रहे मणिलाल पाटीदार पर व्यापारी ने उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाये थे। इस संबंध में सात या आठ दिसम्बर 2020 को एक वीडियो भी सार्वजनिक हुआ था। इसी के दो दिन बाद व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से मौत हो गई थी। घरवालों की शिकायत पर पुलिस ने पाटीदार सहित तीन अन्य के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया था।
शासन ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल गठित की थी। जांच में वे और अन्य पुलिसकर्मी दोषी पाए थे। इस मामले में थानाध्यक्ष देवेन्द्र शुक्ला सहित चार सिपाहियों को बर्खास्त कर दिया गया, जबकि आईपीएस मणिलाल पाटीदार फरार थे। उनकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। कोर्ट के आदेश पर राजस्थान में उनकी सम्पत्ति भी कुर्क कर ली गई थी। दो साल तक फरार रहने के बाद पाटीदार ने 15 अक्टूबर 2022 को लखनऊ की अदालत में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद से ही वह जेल में ही था। जेल में बंद पाटीदार को बर्खास्त करने की सिफारिश राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से की थी, जिस पर मुहर लग गई है।
दीपक/मोहित/सियाराम
