Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहोबा के ऐतिहासिक कजली मेले का आज होगा आगाज़, दुकानें सजीं, देशी...

महोबा के ऐतिहासिक कजली मेले का आज होगा आगाज़, दुकानें सजीं, देशी लाठी की होगी बिक्री

महोबा (हि.स.)। उत्तर भारत के मशहूर कजली मेले की आज शुरुआत शोभायात्रा के साथ होगी। शहीद स्थल हवेली दरवाजा से शुरू होकर शोभायात्रा कीरत सागर पहुंचेगी, जहां भुजरियों का विसर्जन होगा।

शोभायात्रा के लिये नगरपालिका एवं जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किये हैं, कोरोना महामारी के कारण विगत बर्षाे में इस मेले का आयोजन नहीं हो पाया था।

शोभायात्रा में मथुरा वृंदावन का मशहूर मयूर नृत्य व राधाकृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पहले दिन महोबा जिले के अलावा आसपास के जिलों बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, झाँसी, ललितपुर, टीकमगढ़, पन्ना, छतरपुर, रीवा, सतना से हजारों लोगों के आने की संभावना है।

शोभायात्रा में 30 विद्यालयों की झांकी, 100 घोड़े, तीन ऊंट व हाथी शामिल रहेंगे। कीरत सागर तट पर मेले के साथ आठ दिन रंगारंग कार्यक्रम होंगे। इसमें मुंबई, कानपुर व लखनऊ के कलाकार धमाल मचाएंगे। बुंदेली लोक संस्कृति से जुड़े आल्हा गायन, सावन गीत, राई नृत्य, कछियाई फाग, लोकनृत्य, लोकगीत, दिवारी नृत्य आदि के आयोजन चलेंगेे।

मेले में लगे झूले, दुकानदारों ने जमाया डेरा

कजली मेले में महज कुछ पलों का समय शेष होने के चलते मेला दुकानदारों ने अपनी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली है। इस बार मध्यप्रदेश के सागर के झूला संचालकों ने मेले में झूले लगाएं हैं। मेले में ब्रेकडांस, ट्रेन, नाव, ज्वाइंट व्हील के अलावा बच्चों के झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा जादूगर व अन्य खेल-तमाशों के आयोजन होंगे। कजली मेले को लेकर विभिन्न जनपदों के दुकानदारों ने दुकानें लगाना शुरू कर दी हैं।

मेले में सबसे ज्यादा बिकती है देशी लाठी

मेले में सबसे ज्यादा बिक्री देशी लाठी की होती है। जो कि बुंदेलखंड की एक पारंपरिक पहचान है। इस बार मंहगाई के चलते ज्यादातर क्षेत्रीय व्यापारियों ने ही भागीदारी की है, दूरदराज़ के व्यापारी अनावश्यक आवागमन ख़र्च के चलते और उम्मीद से कम व्यापार के चलते मेले में शामिल नहीं हुये हैं।

कजली मेले में पहली जैसी रौनक नहीं

नगरीय लोगों के कथनानुसार मेले में अब दिनों दिन पहले से जैसा उत्साह नजर नहीं आता है, जैसा कि पहले ऐतिहासिक कजली मेले को लेकर दस दिन पहले ही हर घर में दो से चार रिश्तेदार आते थे। जो कुछ दिन रुककर मेले व कार्यक्रमों का आनंद लेते थे, लेकिन अब पहले जैसा उत्साह नहीं है। इक्का-दुक्का लोगों के यहां ही रिश्तेदार एक से दो दिन रुककर चले जाते हैं।

पूर्व प्रधानाचार्य व समाजसेवी शिवकुमार गोस्वामी बताते हैं कि रक्षाबंधन पर्व पर आयोजित होने वाले कजली मेले के लिए दो दिन पहले से रिश्तेदार आ जाते थे। जिनके खानपान की व्यवस्था बेहतर तरीके से करते थे, लेकिन अब समय के साथ सब कुछ बदल गया है। युवा पीढ़ी इस ओर रुचि नहीं ले रही है।

महेन्द्र द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular