कहा,कर्ज लेकर कब तक घर चलाएं अब तो कर्जदार भी नहीं देते उधार
झांसी(हि. स.)। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को अचानक आउटसोर्सिंग पर लगे सैकड़ों कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। सभी एकत्र होकर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों की मांग थी कि उन्हें महीनों से लटका उनका वेतन दिया जाए। जैसे ही इस विरोध-प्रदर्शन की जानकारी कॉलेज के प्राचार्य व प्रशासन को हुई वे सभी कर्मचारियों के पास पहुंचे। कॉलेज प्राचार्य ने कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए शासन से बात की और आश्वस्त किया कि जल्द ही उनका वेतन आ जाएगा।
आज सुबह से ही पर्ची के काउंटर से लेकर सभी जगह मरीजों के तीमारदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वजह यह नहीं थी कि आज भीड़ ज्यादा थी बल्कि कारण यह था कि मेडिकल कॉलेज के आउटसोर्सिंग पर लगे सारे कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी थी। मोर्चा खोलते हुए उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनकी मांग थी कि उन्हें महीनों का वेतन जो नहीं दिया गया है, वह दिलाया जाए।
आरती यादव, इच्छा राजपूत व अनीता आदि महिला कर्मचारियों ने बताया कि अगस्त माह से उनका वेतन आज तक नहीं दिया गया। आलम यह है कि उन्हें अपने परिवार चलाने के लिए लोगों से उधार लेना पड़ता है। किसी-किसी को तो ब्याज पर पैसे उठाने पड़ते हैं। तब जाकर राशन से लेकर बच्चों के दूध-पानी का इंतजाम होता है। इस संबंध में जब भी ठेकेदार से कहते हैं तो उनका जवाब रहता है कि अभी बजट नहीं आया। जबकि कॉलेज प्रशासन बजट आ रहा है का आश्वासन देकर किनारा कर लेता है। इसी के चलते आज सैकड़ों कर्मचारी एकत्रित होकर वेतन मांगनेका प्रयास कर रहे हैं और कार्य का बहिष्कार किया गया है।
कर्मचारियों को जल्द ही मिलेगा वेतन
इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एनएस सेंगर ने बताया कि कर्मचारियों का वेतन तीन-चार महीने से नहीं आया था। इसके चलते उन्होंने कार्य बहिष्कार किया था । बात हो गई है। मैंने उनकी बात को शासन स्तर पर भी रखा है। जल्द ही उनके वेतन के आने का आश्वासन दिया गया है। सारे कर्मचारियों को आश्वस्त कर कार्य शुरू करा दिए गए हैं।
महेश
