लखनऊ(हि.स.)। लखनऊ के राजाजीपुरम में आयोजित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के महिला सम्मेलन में पश्चिम विधानसभा के उम्मीदवार कायम रजा के लिए वोट मांगने पहुंची कल्पना मिश्रा ने कहा कि बसपा ने सदैव महिलाओं के हित की रक्षा की है और बसपा महिला सम्मेलन के माध्यम से आधी आबादी को जागरूक कर रही है।
महिला सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रुप में पहुंची कल्पना मिश्रा ने कहा कि सर्वसमाज की महिलाओं की तरक्की, सुरक्षा और मान सम्मान के लिए जागरूक करने को महिला सम्मेलन किया जा रहा है। मायावती का शासन काल महिलाओं ने देखा है और अनुशासन भी देखा है। सत्ता में परिवर्तन करने की जरूरत है और बसपा सरकार बनाने की आवश्यकता है।
कहा कि हमारे पति सतीश चंद्र मिश्रा और उनके सहयोगी के रूप में नकुल और अरुण बसपा सरकार बनाने के लिए दिन-रात लगे हुए हैं। उनके कंधे से कंधा मिलाकर बढ़ने के लिए मैं निकली हूं। हम महिलाओं को भी अपनी भूमिका निभाते हुए बसपा को सत्ता में लाने के लिए आगे आना होगा।
कहा कि राजाजीपुरम में महिला सम्मेलन कर रहे हैं और इसी राजाजीपुरम की बेटी ने आत्महत्या कर ली है। प्रदेश सरकार में अराजकता के कारण एक बेटी ने आत्महत्या कर ली। इसी तरह हाथरस, उन्नाव, महोबा में घटनाएं हुई हैं। लड़कियां तो सुरक्षित नहीं है, भाजपा सरकार में नौजवान भी सुरक्षित नहीं है। कई घटनाएं हो गयी हैं।
कहा कि कैण्ट एरिया में एक एनकाउंटर हो गया और अब प्रदेश सरकार से कौन पूछेगा कि उसका क्यों एनकाउंटर किया गया। एक विशेष जाति पर अत्याचार हो रहा है। महंगाई का हाल तो छुपा नहीं है। आलू प्याज के दाम छोड़िये, पेट्रोल डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। आम लोगों को घर चलाना मुश्किल हो गया है। गरीब घर में एक समय भोजन बनाने पर मजबूर हो गया है। भाजपा की सरकार सिर्फ धर्म के नाम पर भय का माहौल बना रही है।
