Friday, March 27, 2026
Homeखेलमहिला क्रिकेट : भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा 226 रनों का...

महिला क्रिकेट : भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने रखा 226 रनों का लक्ष्य

मैके (हि.स.)। मिताली राज के बेहतरीन 61 रनों की अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पहले एकदिनी मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 226 रनों का लक्ष्य रखा है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट पर 225 रन बनाए। मिताली के अलावा यास्त्रिका भाटिया ने भी दो चौकों की मदद से 35 रन की पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डार्सी ब्राउन ने सर्वाधिक चार विकेट लिए।

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले चार ओवरों में 31 रन जोड़े। हालाँकि, इसके बाद ब्राउन ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को बेहतरीन वापसी दिलाते हुए शैफाली (8) और मंधाना (16) को पवेलियन भेज छठें ओवर में भारत का स्कोर 2 विकेट पर 38 रन कर दिया।

इसके बाद यास्तिका और मिताली ने तीसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी कर भारतीय टीम को वापसी दिलाने की कोशिश की, लेकिन जैसे ही भारत की स्थिति में कुछ सुधार हुआ ब्राउन ने 26 वें ओवर में भाटिया (35) को पवेलियन भेजकर भारत को बड़ा झटका दिया। इसके बाद ब्राउन ने

दीप्ति शर्मा (9) को अपना चौथा शिकार बनाया और भारतीय टीम का स्कोर 31 ओवर में 4 विकेट पर 129 रन हो गया।

मिताली ने भले ही 61 रनों की पारी खेली हो लेकिन उनके स्ट्राइक रेट काफी धीमा रहा। मिताली ने 107 गेंदों पर 61 रन बनाए और 38वें ओवर में सोफी मोलिनक्स ने उनकी पारी का अंत किया। मिताली के आउट होने के बाद निचला क्रम ज्यादा योगदान नहीं दे पाया और अंत में भारतीय टीम निर्धारित 50 ओवरों में 225 रन ही बना सकी। अंतिम ओवरों में ऋचा घोष और झूलन गोस्वामी ने अच्छी बल्लेबाजी की और भारत को सम्मान जनक स्कोर तक पहुंचाया। ऋचा ने 32 और झूलन ने 20 रन बनाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular