Monday, February 9, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडल महिलाओं के उत्थान के लिए योजनाएं चला रही सरकार : बेबी रानी...

 महिलाओं के उत्थान के लिए योजनाएं चला रही सरकार : बेबी रानी मौर्य

-समुद्र की गहराईयों से अंतरिक्ष की ऊंचाईयों तक सफलता की मिसाल पेश कर रहीं महिलाएं

लखनऊ(हि.स.)। तेजी से बदल रहे दौर में महिलाएं समुद्र की गहराइयों से अंतरिक्ष की ऊंचाईयों तक सफलता की अनूठी मिसाल पेश कर रही हैं। महिलाएं संकल्प कर लें तो वे हर कार्य कर सकती हैं, उनके लिए कोई भी कार्य असंभव नहीं है। यह बातें प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने “महिला किसान पलायन” विषय पर आयोजित क्षेत्रीय संगोष्ठी में कही।

दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान, बक्शी का तालाब, लखनऊ में राष्ट्रीय महिला आयोग एवं संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित संगोष्ठी के उद्घाटन अवसर पर बेबी रानी मौर्य ने कहा कि महिलाओं के बिना दुनिया की संरचना ही संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। ग्रामीण महिलाएं इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ अवश्य उठाएं, जिससे वह आर्थिक रूप से सशक्त व स्वावलंबी बन सकें।

महिला कल्याण मंत्री ने कहा कि सरकार ‘‘सशक्त महिला-सशक्त राष्ट्र’’ की संकल्पना पर कार्य कर रही है। जब हमारी ग्रामीण महिलाएं सशक्त होंगी तो हमारा राष्ट्र भी सशक्त होगा। उन्होंने संगोष्ठी में आई महिला किसानों तथा महिला दैनिक मजदूरों से कहा कि आज दुनिया में मोटे अनाजों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा मोटे अनाजों का उत्पादन करें।

उन्होंने महिलाओं को गोवंश के पालन की सलाह देते हुए कहा कि गोवंश के दूध, गोबर तथा गोमूत्र से कई उत्पाद तैयार किये जा सकते हैं, जिससे महिलाओं की आर्थिक उन्नति होगी। उन्होंने महिला किसानों को अपनी फसल का बीमा कराने तथा किसान सम्मान निधि के लिए पंजीकरण कराने की भी सलाह दी।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके कल्याण की सशक्त संस्था है। आयोग द्वारा पूरे देश में महिलाओं की समस्याओं को दूर करने तथा उनको सशक्त बनाने के लिए विभिन्न संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन संगोष्ठियों से ग्रामीण महिला किसानों को अत्यधिक लाभ मिलेगा।

संस्थान के अपर निदेशक बी.डी. चौधरी ने बताया कि आज आयोजित क्षेत्रीय संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश के आठ जनपदों की महिला किसानों के साथ महिला समूह के लिए ग्रामीण आजीविका से संबंधित विशिष्ट संगठन सहित लगभग 250 महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के आयोजन में संस्थान के सहायक निदेशक डा. एस.के. सिंह, नोड़ल ऑफिसर कुमार दीपक, उप निदेशक डा. सुरेश सिंह तथा उप निदेशक डा. नीरजा गुप्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

बृजनन्दन/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular