Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेश महाशिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर पर रहेगी एटीएस की तैनाती

 महाशिवरात्रि पर औघड़नाथ मंदिर पर रहेगी एटीएस की तैनाती

मेरठ़ (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर मेरठ में शनिवार को ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर पर कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक किया जाएगा। आतंकी खतरे को देखते हुए यह मंदिर एटीएस की निगरानी में रहेगा। इसके साथ ही पुलिस, आरएएफ और पीएसी की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों की सहायता से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।

मेरठ कैंट स्थित औघड़नाथ मंदिर पर महाशिवरात्रि और श्रावण मास की शिवरात्रि पर लाखों कांवड़ियों द्वारा जलाभिषेक किया जाता है। 18 फरवरी को महाशिवरिात्र पर भी कांवड़ियों और लोगों के लिए मंदिर में जलाभिषेक के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों की सहायता से निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन के जरिए पुलिसकर्मी पूरे क्षेत्र में निगाह रखेंगे। इंटेलीजेंस की टीम को भी लगाया गया है। एसपी सिटी पीयूष सिंह के मुताबिक, मंदिर से 200 मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। इससे आगे पैदल मंदिर तक पहुंचा जा सकेगा। मंदिर की सुरक्षा के लिए दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरएएफ के साथ ही, तीन सीओ, 10 इंस्पेक्टर, चार थाना प्रभारी, 25 दारोगा, 150 पुरुष सिपाही, 50 महिला सिपाही और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। एटीएस की टीम भी आएगी। शनिवार सुबह चार बजे से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी शुरू हो जाएगी, जो रात में मंदिर के बंद होने तक दो शिफ्ट में चलेगी।

एसपी यातायात जेके श्रीवास्तव के मुताबिक, शनिवार को महाशिवरात्रि पर सुबह चार बजे से रात्रि 12 बजे तक औघड़नाथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में रूट डायवर्जन किया जाएगा। हनुमान चौक की ओर से आने वाले वाहनों को नैंसी रेस्टोरेंट चौराहे पर रोका जाएगा। भूसा मंडी की ओर से आने वाले वाहनों को पाइन पार्क के पास रोका जाएगा। वेस्ट एंड रोड से आने वाले वाहनों को श्री बालाजी मंदिर के पास रोक दिया जाएगा। यहां से सभी पैदल मंदिर तक जाएंगे।

शहर के सभी शिवालयों में होगा जलाभिषेक

महाशिवरात्रि पर मेरठ के बिल्वेश्वर महादेव मंदिर, झाड़खंडी महादेव मंदिर, बाबा मनोहर नाथ मंदिर, धर्म धर्मेश्वर महादेव मंदिर, पिपलेश्वर महादेव मंदिर समेत सभी मंदिरों में जलाभिषेक होगा। इसके लिए सभी मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए हैं।

कैलाश मुक्ति का महासंकल्प करेगा बीटीएसएस

भारत तिब्बत समन्वय संघ (बीटीएसएस) ने महाशिवरात्रि पर कैलाश मानसरोवर और तिब्बल की मुक्ति के लिए महासंकल्प कराएगा। बीटीएसएस के राष्ट्रीय महामंत्री विजय और राष्ट्रीय सह संयोजक सांस्कृतिक प्रभाग शीलवर्धन ने बताया कि बिल्वेश्वर महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ से उनके मूल स्थान कैलाश मानसरोवर और तिब्बत की मुक्ति की प्रार्थना की जाएगी।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular