आज पूरे देश में महाशिवरात्रि का पावन पर्व बड़ी ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। हर तरफ बस हर-हर महादेव और बम-बम भोले को जयकारे सुनाई दे रहे हैं। हर कोई महादेव की भक्ति में डूबा हुआ दिखाई दे रहा है। महाशिवरात्रि के इस खास अवसर पर हम आपको बताने जा रहे हैं उन कलाकारों के बारे में, जिन्होंने पर्दे पर महादेव की भूमिका निभाकर खुद के लिए आदर और सम्मान हासिल किया।
मोहित रैना – देवों के देव महादेव
पर्दे पर जब महादेव के पवित्र किरदार को निभाने की बात आती है तो मोहित रैना का चेहरा सबसे पहले जेहन में आता है। मोहित रैना महादेव का किरदार निभाने वाले सबसे लोकप्रिय अभिनेताओं में से एक हैं। देवों के देव महादेव सीरियल में भोलेनाथ के किरदार में मोहित रैना ने हर घर में जगह बना ली। मोहित रैना ने शिव जी का गुस्सा, मनमोहक मुस्कान और रौद्र रूप बखूबी पर्दे पर उतारा।
सौरभ जैन
यूं तो सौरभ जैन देवों के देव-महादेव में भगवान विष्णु की भूमिका में काफी प्रसिद्ध हासिल की है, लेकिन कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक महाकाली -अंत ही आरंभ है में भगवान शिव की भूमिका में भी उन्होंने खूब वाहवाही बटोरी। भगवान शिव के किरदार में सौरभ लोगों के दिलों में बस गए।
तरुण खन्ना – सबसे ज्यादा बार बने शिव
तरुण खन्ना टीवी जगत के लिए किसी पहचान के मोहताज नहीं है। तरुण ने छोटे पर्दे पर सबसे ज्यादा यानी आठ बार महादेव का किरदार निभाया है। तरुण पहली बार संतोषी मां में महादेव की भूमिका में नजर आए थे, जिसमें वे खूब लोकप्रिय हुए। इसके बाद कर्मफल दाता शनि, परमावतार श्री कृष्णा, राधा कृष्ण, देवी आदि पराशक्ति, नम:, राम सिया के लवकुश में भी तरुण महादेव की भूमिका में दिखाई दिए।
रोहित बख्शी – सिया के राम
टीवी की दुनिया में चॉकलेटी बॉय के नाम से मशहूर रोहित बख्शी ने धारावाहिक सिया के राम में भगवान शिव की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इस शो के बाद टीवी इंडस्ट्री में उन्हें एक अलग पहचान मिली।
मलखान सिंह – विघ्नहर्ता गणेश
फेमस टीवी धारावाहिक विघ्नहर्ता गणेश में अभिनेता मलखान सिंह भगवान शिव की भूमिका निभाकर काफी प्रसिद्ध हो गए। मलखान सिंह के पास इस समय कई धार्मिक प्रोजेक्ट्स हैं, जिनमें वह भगवान शिव की भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।
कुसुम/दधिबल
