Thursday, March 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहाब्राह्मण पंचायत पर बोले अखिलेश, आगे बढ़ने के लिए सपा का साथ...

महाब्राह्मण पंचायत पर बोले अखिलेश, आगे बढ़ने के लिए सपा का साथ दें

लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के चलते देश में नोटबंदी के बाद भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई है। कालाधन बड़े पैमाने पर बढ़ रहा है। भारत को कर्जदार बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार से मुक्ति मिलने पर ही देश में खुशहाली आएगी।

अखिलेश यादव रविवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में कन्नौज के प्रबुद्ध समाज तथा महा ब्राह्मण समाज पंचायत के प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा आज पीड़ित, वंचित समाज का अंग बन गया है। समाजवादी पार्टी उनके संघर्ष में साथ रहेगी। उनकी हरसंभव मदद की जाएगी। समाजवादी पार्टी सभी को साथ लेकर चलती है। आगे बढ़ने के लिए समाजवादी पार्टी का साथ दीजिए।

कन्नौज से आये ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाजवादी सरकार के समय ही जनपद में तमाम विकास कार्य हुए थे। भाजपा सरकार ने उन्हें बर्बाद कर दिया है। कन्नौज के कार्यकर्ताओं ने याद दिलाया कि कन्नौज में समाजवादी सरकार में आलू, चावल से वोदका बनाने, परफ्यूम पार्क स्थापित करने, पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना, उमरदा में काऊ मिल्क प्लांट लगाने के साथ फाकीरे गांव में फ्री सोलर लाइट का प्लांट लगाया था।

भाजपा ने जनपद के विकास पर तनिक भी ध्यान नहीं दिया। डॉ. राममनोहर लोहिया, नेताजी, अखिलेश यादव तथा डिम्पल यादव को कन्नौज की जनता ने जिताया था। इस पर अखिलेश ने कहा कि कन्नौज से हम सबका पुराना रिश्ता है। यह रिश्ता अटूट रहेगा। कन्नौज ऐतिहासिक नगरी है।

बैठक में कन्नौज से आए मनोज दीक्षित, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, मिलन भाई, हरितोष द्विवेदी, आलोक दुबे, आदित्य तिवारी, राकेश तिवारी, बबलू तिवारी, बामन तिवारी, जयकुमार तिवारी, अंकित त्रिपाठी, बृजधीर दुबे आदि ने अपने विचार व्यक्त किए और अखिलेश यादव को 2024 के लोकसभा चुनाव में विजयी बनाने का संकल्प लिया।

दीपक/विद्याकांत

RELATED ARTICLES

Most Popular