Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहाप्रबंधक ने न्यू कोचिंग सेंटर, मेमू कार शेड व कानपुर सेंट्रल समेत...

महाप्रबंधक ने न्यू कोचिंग सेंटर, मेमू कार शेड व कानपुर सेंट्रल समेत दोहरीकरण कार्य को परखा

कानपुर (हि.स.)। महाप्रबंधक उत्त्तर मध्य रेलवे प्रमोद कुमार ने न्यू कोचिंग सेंटर, मेमू कार शेड एवं कानपुर सेंट्रल से न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स के मध्य चल रहे दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में सर्वप्रथम महाप्रबंधक ने न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए गाड़ी संख्या 12451/52 श्रमशक्ति एक्सप्रेस के रेक का निरीक्षण किया।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जनसम्पर्क अधिकारी अमित सिंह का कहना है कि निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रेन में लगी फिटिंग्स, अग्निश्मक यंत्रों, स्मोक सेंसर, लिनेन की गुणवत्ता, आपातकालीन खिड़की की कार्यप्रणाली आदि का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान आयोजित बैठक में महाप्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके काम की गुणवत्ता से रेलवे की छवि का निर्धारण होता है।

उन्होंने यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता पर किये जाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने यह भी कहा कि फीडबैक का सिस्टम होना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने बताया कि निरीक्षण के बढ़ते हुए क्रम में महाप्रबंधक ने मेमू कार शेड का भी निरीक्षण किया इस दौरान मंडल यांत्रिक इंजीनियर अभिषेक शर्मा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मेमू कार शेड की पूरी जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान उन्होंने 3 फेज मेमू की उच्च तकनीक के बारे में भी अवगत कराया।

महाप्रबंधक ने मेमू कार शेड के कार्यस्थलों के निरीक्षण के दौरान मेमू कार के मेंटेनेंस वर्कशाप, हैवी रिपेयर शेड आदि का निरीक्षण किया। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर धनंजय सिंह ने न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स की कार्यप्रणाली व आधारभूत संरचना के विषय में विस्तृत पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण किया।

महाप्रबंधक ने न्यू कोचिंग कॉम्प्लेक्स और कानपुर सेंट्रल के मध्य चल रहे दोहरीकरण के कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इसके उपरांत महाप्रबंधक व मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल ने जी एम सी कानपुर से फतेहपुर तक मालगाड़ी से फुटप्लेट किया गया। फतेहपुर स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, कार्यालयों आदि का गहनता से निरीक्षण किया।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अजय कुमार राणा, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल मोहित चंद्रा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

हिमांशु

RELATED ARTICLES

Most Popular