Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहापंचायत के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश, भाजपा के होर्डिंग्स फाड़े

महापंचायत के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश, भाजपा के होर्डिंग्स फाड़े

            

मेरठ (हि.स.)। किसान महापंचायत के जरिए विपक्षी दल जहां अपनी राजनीति चमकाने के फेर में है, वहीं महापंचायत के जरिए माहौल बिगाड़ने के प्रयास जारी है। रविवार को मुजफ्फरनगर में महापंचायत में आए कुछ लोगों ने शहर में लगे भाजपा के होर्डिंग्स फाड़ दिए और योगी-मोदी के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पुलिस ने किसी तरह से स्थिति को बिगड़ने से बचाया।

मुजफ्फरनगर में रविवार को किसान महापंचायत में केंद्र सरकार के विरोधी एकसाथ मंच पर इकट्ठा हो गए। संयुक्त किसान मोर्चा के नाम पर तमाम वामपंथी नेता भी मुजफ्फरनगर पहुंच गए और भाजपा सरकार के खिलाफ मंच से अपनी भड़ास निकाली। मंच से योगेंद्र यादव, मेधा पाटकर समेत कई नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकारों को अपने निशाने पर रखा। महापंचायत के दौरान भी कई लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया और भाजपा नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मेधा पाटकर ने तो मंच से साफ कहा कि वे मोदी सरकार से पंगा लेने आए हैं।

शिव चौक पर फाड़े भाजपा के होर्डिंग-बैनर

महापंचायत में किसानों के रूप में शामिल होने आए कुछ लोगों ने शहर का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। मुजफ्फरनगर शहर में शिव चौक पर लगे भाजपा के होर्डिंग्स और बैनर फाड़ दिए। होर्डिंग्स फाड़ने के बाद ट्रैक्टरों पर सवार लोगों ने केंद्र और उप्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से स्थिति को संभाला और लोगों को समझा कर आगे भेजा।

रालोद नेता भी चमका रहे राजनीति

महापंचायत को खुला समर्थन देकर रालोद ने अपनी राजनीति चमकाने का प्रयास किया। इसी प्रयास में रालोद कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर शहर के महावीर चौक पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। महावीर चौक पर बने कलश के ऊपर रालोद का झंडा फहरा दिया। यहां भी रालोद कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।

लग्जरी गाड़ियों में पहुंचे किसान

किसान महापंचायत में शामिल होने के लिए किसान कई प्रकार के वाहनों में सवार होकर पहुंचे। इस बार लग्जरी गाड़ियों की संख्या ज्यादा रही। बसों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की अपेक्षा किसानों ने अपनी निजी गाड़ियों में महापंचायत में आना ज्यादा मुनासिब समझा। काफी किसान अपने ट्रैक्टरों पर डीजे लगाकर गाने बजाते हुए आए।

बाबा श्याम सिंह को बनाया महापंचायत का अध्यक्ष

किसान महापंचायत में गठवाला खाप का सबसे बड़ा सहयोग माना जा रहा है। इसी खाप के थांबेदार बाबा श्याम सिंह को महापंचायत का अध्यक्ष बनाया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular