लखनऊ(हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन में उन्हें याद किया गया। इसके साथ ही कांग्रेस से सांसद व स्वतंत्रता सेनानी रहे स्व. मसुरियादीन पासी को भी जयंती पर याद कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने महात्मा गांधी और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के विचारों पर प्रकाश डाला और भारतीय जनता पार्टी द्वारा गांधी जी के विचारों को सिर्फ स्वच्छता तक सीमित करना और भाजपा द्वारा गांधी के विचारों को कुचलने के साथ मजबूरी में गांधी के ऊपर फूल चढ़ाने का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि महात्मा गांधी हमारे आदर्श हैं। उनके द्वारा जो सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर भारत को आजाद कराने का प्रयास किया गया। उसका कीर्तिमान भारत देश के अलावा तमाम अन्य देशों में प्रख्यात है। महात्मा गांधी भारत एवं भारतीय स्वतंत्रता आन्दोलन के एक प्रमुख राजनैतिक एवं आध्यात्मिक नेता थे। सच में वह संत थे। उनके आजादी के विचार और आजादी पाने के लिए किए गए प्रयोग सत्याग्रह ,सविनय अवज्ञा, के माध्यम से अत्याचार के प्रति आंदोलन ने पूरे विश्व को एक रास्ता दिखाया। उनकी इस अवधारणा की नींव सम्पूर्ण अहिंसा के सिद्धांत पर रखी गयी थी, जिसने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम चलाकर पूरे विश्व में जनता के नागरिक अधिकारों एवं स्वतन्त्रता के प्रति आन्दोलन के लिए प्रेरित किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आज गांधी जयंती पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छता कार्यक्रम को ढोंग बताया और कहा कि भाजपा बहुत शातिराना अंदाज से गांधी जी के जो शांति प्रेम अहिंसा भाईचारा के सिद्धांत और विचार हैं, उनको पीछे कर रही है, गांधी जी को सिर्फ स्वच्छता तक सीमित करना बहुत बड़ी साजिश है, गांधी जी के जो सिद्धांत हैं उनसे दूर भाग रही है, आज उसी का परिणाम है कि प्रदेश अपराध का जंगलराज बन गया है, रोजाना हत्याएं हो रही हैं, सुल्तानपुर में डॉ. घनश्याम तिवारी को जिस दुर्दांत तरीके से मारा गया। भाजपा के नेताओं का उसमें हाथ था। आज देवरिया में 6 लोगों की हत्या हुई है, मंत्री के घर में हत्या हो रही है। विधायक के घर में हत्या हो रही है। सरकार अपराधियों को बचा रही है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं । प्रदेश में अपराध की बाढ़ आ गई है। ऐसे लोग सिर्फ जयंती पर गांधी जी पर फूल चढ़ाते हैं। यह कभी भी गांधी जी के या उनके सिद्धांत- सत्य प्रेम अहिंसा के समर्थक नहीं हो सकते।
प्रदेश मुख्यालय नेहरू भवन पर आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री नकुल दुबे, डॉ. मसूद अहमद, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, श्याम किशोर शुक्ला, इन्दल रावत, प्रदेश महासचिव प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, बदरूद्दीन कुरैशी, संगठन सचिव अनिल यादव, दुर्ग विजय सिंह मान आदि संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।
उपेन्द्र/सियाराम
