Tuesday, February 10, 2026
Homeराज्यमहागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों का तालमेल अंतिम चरण में...

महागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों का तालमेल अंतिम चरण में : देवेंद्र फडणवीस

– एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के साथ राज ठाकरे की बैठक सकारात्मक होने का दावा

मुंबई (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर चर्चा अंतिम चरण में है। महाराष्ट्र और देश के हालात को देखते हुए भाजपा महागठबंधन लोकसभा चुनाव में 405 से अधिक सीटें हासिल करेगा। आज भी मुख्यमंत्री के साथ महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे के साथ हमारी सकारात्मक चर्चा हुई है।

बांद्रा स्थित एक होटल में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मनसे अध्यक्ष के बीच करीब आधे घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस बैठक के बाद देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि महाराष्ट्र में सहयोगी दलों के बीच कुछ ही सीटों पर अंतिम निर्णय लेना रह गया है। हमारा मुख्य लक्ष्य नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। इसलिए हम सभी काम कर रहे हैं। मनसे भी हमारे साथ चुनाव मैदान में रहेगी, इसलिए हमारी स्थिति पहले से बेहतर हो गई है।

इससे पहले मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद मंगलवार को देर रात राज ठाकरे और मुख्यमंत्री शिंदे के बीच भी बातचीत हुई थी। आज दोपहर में फिर से राज ठाकरे, मुख्यमंत्री शिंदे और देवेंद्र फडणवीस के बीच बैठक हुई। इस बैठक का अधिकृत ब्योरा नहीं दिया गया है लेकिन बताया जा रहा है कि मनसे मुंबई में दो सीटों की मांग कर रही है, जबकि भाजपा मनसे को मुंबई की एक सीट दे रही है। साथ ही मनसे किस चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़े, इसे लेकर आज चर्चा की गई है।

मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे भाजपा के साथ लोकसभा चुनाव लड़ने का निर्णय अपने पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद लेंगे। हालांकि, भाजपा विधायक नीतेश नारायण राणे ने कहा कि मनसे भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी, यह तय हो गया है लेकिन बहुत जल्द मनसे-भाजपा गठबंधन की अधिकृत घोषणा की जाएगी।

राजबहादुर/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular