Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमहराजगंज : स्वर्ण कारोबारी से साढ़े छह लाख के गहने, 55 हजार...

महराजगंज : स्वर्ण कारोबारी से साढ़े छह लाख के गहने, 55 हजार कैश की लूट

महराजगंज (हि.स.)। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बड़हरा कन्हई गांव के कब्रिस्तान के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने एक स्वर्ण कारोबारी को पीटकर साढ़े छह लाख के गहने और 55 हजार रुपये नगदी लूटे। इसके बाद मोबाइल छीन फरार हो गए। शनिवार को हुई लूट उस समय हुई जब एक ज्वेलरी फेरी लगाकर लौट रहा था। मामला दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
बदहवास स्वर्ण कारोबारी ने दूसरे के मोबाइल से डायल-112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी। थोड़ी ही देर में एसपी प्रदीप गुप्ता, सीओ फरेंदा सुनील दत्त दुबे, फरेंदा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरजेश उपाध्याय, पुरन्दरपुर थाना के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह मौके पर पहुंच गए। छानबीन की और मामला दर्ज करने के लिए पुलिस कारोबारी को लेकर पुरन्दरपुर थाने गई। मामला दर्ज कर लिया गया है।
बता दें कि पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा टोला इटहिया का रहने वाला सूर्य नारायण वर्मा उर्फ लारी वर्मा की रानीपुर चौराहे ज्वैलरी की दुकान है। सूर्य नारायण ग्राहकों की डिमांड पर गांव में फेरी लगाकर भी सोने-चांदी के आभूषण की बिक्री करता है। एक तरह से होम डिलेवरी कर ग्राहकों को जोड़े रखने का काम करता है और अपने कारोबार को गति देता है।  
शनिवार को वह रानीपुर स्थित अपने ज्वेलर्स की दुकान पर जा रहा था। घर से ढाई किमी दूर जैसे ही वह बाइक से बड़हरा-कन्हई गांव के कब्रिस्तान के समीप पहुंचा तो उक्त घटना घटित हुई। इनमें से दो बदमाशों ने स्वर्ण कारोबारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। दो बदमाशों ने बाइक की डिग्गी तोड़ी और उसमें रखा आभूषण व नगदी से भरा बैग निकाल लिया। एसपी प्रदीप गुप्ता ने भी घटना स्थल का मौका मुआयना किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular